– ग्रामीण बोले़ निर्माण कार्यों में घटिया सामग्री लगाकर धन का बन्दरबांट कर रहे हैं ठेकेदार
– प्रधान और सचिव की मिली भगत से हो रहा है सरकारी धन का दुरुपयोग
औरैया (हि.स.)। जिले के सद विकास खण्ड के अंतर्गत ग्राम पंचायत असेवटा में ग्राम पंचायत द्वारा कराये जा रहे निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार की दीमक लग गयी है। पंचायत में कराये जा रहे निर्माण कार्यों की महज खानापूर्ति की जा रही है। यहां आठ दिन पहले कैथोली मार्ग पर बनाई पुलिया में घटिया निर्माण सामग्री के चलते वह टूटने लगी। ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी धन का प्रधान और सचिव मिलकर बंदरबाट कर रहे हैं। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत और सचिव द्वारा कराये जा रहे निर्माण कार्यों की जांच की मांग की है।
जनपद के औरैया विकास खण्ड के अंतर्गत ग्राम पंचायत असेवटा में सरकारी धन का जमकर बंदर बांट किया जा रहा है। गांव के प्रधान प्रदीप यादव उर्फ गुड्डू यादव वर्तमान में प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष है। ग्राम पंचायत के कैथोली गांव में रहने वाले लोगों का कहना है कि प्रधान और सचिव द्वारा सरकारी धन का जमकर दुरुपयोग हो रहा है। गांव की मुख्य रोड जो चार गांवों से जोड़ती हैं, यह मुख्य सड़क डामर रोड थी। इस रोड पर प्रधान द्वारा पुलिया का निर्माण करा दिया गया। जबकि रोड पर पुलिया की कोई जरूरत नहीं थी। बावजूद इसके पुलिया बनने के महज पांच दिन में ही टूटने लगी है। इसके निर्माण में ठेकेदार द्वारा घटिया निर्माण सामग्री लगाई गई है। साथ ही पुलिया में बहुत ही खराब गुणवत्ता का सरिया लगाया गया है। इस रोड से प्रतिदिन स्कूली बच्चे निकलते हैं। महज पांच दिन में जिस तरह से पुलिया टूटने लगी है, उससे साफ जाहिर होता है कि सरकरी धन का बंदरबांट किया गया है। निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है। ग्रामीण राकेश दोहरे, सुनील यादव, अनमोद कुमार, संजू कठेरिया, अनिरुद्ध कुमार ने निर्माण कार्यों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है।
प्रधान संघ के अध्यक्ष है ग्राम प्रधान
ग्रामीणों का आरोप है कि उनकी ग्राम पंचायत के प्रधान प्रदीप यादव वर्तमान में प्रधान संघ के अध्यक्ष है। वह सरकारी धन का जमकर दुरूपयोग कर रहे हैं। अधिकारियों को भी गुमराह करते हैं।
इस सम्बंध में खण्ड विकास अधिकारी सर्वेश कुमार रवि ने बताया कि पांच दिन में पुलिया टूटने का मामला गंभीर है। इसकी जांच कराई जाएगी। जो भी दोषी होंगे उनके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।
सुनील
