– हिंसा और दंगामुक्त बने उत्तर प्रदेश
-उप्र की उन्नति के लिए मां विंध्यवासिनी से की कामना
मीरजापुर(हि.स.)। गुरुवार की दोपहर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने मां विंध्यवासिनी दरबार में पहुंचकर विधि विधान से दर्शन पूजन किया। दर्शन पूजन के पश्चात पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए आया हूं। विंध्यवासिनी सबकी रक्षा करें। उत्तर प्रदेश की उन्नति हो, हमारा प्रदेश जातिवाद, माफियावाद, अपराधवाद से मुक्त होकर विकासवाद की धारा में बहे और आपस में सौहार्द की भावना बनी रहे। हिंसा एवं दंगामुक्त उत्तर प्रदेश बने, यही मां से कामना है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जनता का जो रुझान है, उससे यही लगता है कि पिछली बार की तरह और उससे भी अच्छा प्रदर्शन हम लोग करेंगे। पुरानी पेंशन बहाली पर दिनेश शर्मा ने कहा कि राजस्थान की पुरानी पेंशन का कोई पत्र किसी को मिला है क्या ? सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार किया जा रहा है। लोगों को भ्रमित करने के लिए झूठा प्रचार किया जा रहा है। 2005 में समाजवादी पार्टी ने इसको लागू किया और पुरानी पेंशन को समाप्त भी सपा ने ही किया है। 15 सालों तक सपा-बसपा शासन में रही लेकिन जब लोगों ने पेंशन की बात की तो उन पर लाठीचार्ज कराया गया। 70 हजार करोड़ रुपये जनता का अंशदान था। उसको केंद्रीय संस्थान में 60, 90 और 100 वर्ष के लिए जमा भी समाजवादी पार्टी ने किया। सब जानते हैं कि 70 हजार करोड़ की राशि जमा है तो उसको निश्चित अवधि के पहले वापस कैसे लाएंगे। यह समाजवादी पार्टी नहीं बताती तो पुरानी पेंशन कैसे बहाल होगी? पुरानी पेंशन के बेहतर विकल्प को नई पेंशन में शामिल करने का क्रम जारी है। वर्तमान सरकार नई पेंशन में पुरानी पेंशन के बेहतर विकल्पों को शामिल करने की प्रक्रिया कर रही है। ऐसे में सिर्फ दुष्प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 36 हजार करोड़ 86 लाखरुपये किसानों का कर्ज भाजपा ने माफ किया।
जनधन खाता में कोरोना के समय महिलाओं के खाते में पैसा पहुंचा। पिछली कई सरकारें आई लेकिन मां विंध्यवासिनी मंदिर के बारे में क्या किसी ने सोचा। राम मंदिर, चित्रकूट, मथुरा, नैमिषारण्य के विकास के लिए किसी सरकार नहीं सोचा। पांचवें चरण में ही भाजपा बहुमत का लक्ष्य प्राप्त कर चुकी थी। छठवां और सातवें में तिहरा शतक लगाएगी।
किसान कहीं भी नाराज नहीं हैं, किसानों के लिए किसी ने किया तो भाजपा ने किया। हर घर जल नल योजना, गैस कनेक्शन, आवास, धान और गेहूं की खरीद हमारी सरकार कर रही है। अन्य लोग जातिवाद, संप्रदायवाद और चुनाव लड़ रहे हैं। जाते-जाते उन्होंने कहा कि विंध्य कॉरिडोर में किसी को भी किसी प्रकार की तकलीफ नहीं होगी।
गिरजा शंकर
