वाराणसी (हि.स.)। प्याज के बढ़ते मूल्य को कम करने और जन साधारण तक प्याज उपलब्ध कराने के लिए केन्द्र और प्रदेश सरकार उद्यान विभाग के जरिये बीज अनुदान के रूप में उपलब्ध करा रही है। साथ ही सरकार की पहल पर विभाग प्याज के खेती की एरिया बढ़ाने के लिए एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना भी चला रही है।
इस योजना में मंगलवार को बड़ागांव विकासखंड के किसानों को पिंडरा विधायक डॉ अवधेश सिंह ने अपने जन सुविधा कार्यालय से किसानों को नि:शुल्क बीज उपलब्ध कराया। विकासखंड के ग्राम दल्लूपुर, बसनी,कोईलार, चंगवार के उद्यान विभाग में पूर्व से पंजीकृत 16 किसानों में प्रति किसान आठ विस्वा क्षेत्रफल के लिए 650 ग्राम प्याज का बीज (एग्रीफाउंड लाइट रेड प्रजाति) दिया गया। ये बीज भारत सरकार की संस्था नेफेड से क्रय किया गया था। इस दौरान डॉ अवधेश ने किसानों को परम्परागत धान गेहूं के स्थान पर साग भाजी और मसालों की खेती करने को कहा। उन्होंने कहा कि इससे आय में वृद्धि होगी।
जिला उद्यान अधिकारी संदीप कुमार गुप्त ने बताया कि आगामी जायद की सब्जियों एवं अन्य औद्यानिक कार्यक्रम के लिए किसान अपना पंजीकरण ऑनलाइन उद्यान विभाग में करा सकते हैं। खाद्य प्रसंस्करण, बेकरी उद्योग, गंगा तटवर्तीय क्षेत्रों में बाग लगाने, ड्रिप सिंचाई पर भी सरकार हजारों रुपए अनुदान सहायता दे रही है। जिसके लिए उनके मोबाइल नंबर 9415262566 पर कार्यावधि में किसान सम्पर्क कर सकते हैं।
