Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशपहले चरण का चुनाव: आगरा में प्रथम दिवसीय 37 उम्मीदवारों ने लिए...

पहले चरण का चुनाव: आगरा में प्रथम दिवसीय 37 उम्मीदवारों ने लिए नामांकन पत्र

आगरा (हि.स.)। आगरा जिले की नौ विधान सभा सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हो गयी है। प्रथम दिवस में हुई नामांकन प्रक्रिया में कुल 37 प्रत्याशियों ने नामांकन पर्चे खरीदे हैं। नामांकन के लिए आने वाले प्रत्याशियों की सुरक्षा को देखते हुए कलेक्ट्रेट में त्रिस्तरीय सुरक्षा का इंतजाम किया गया।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण में शामिल आगरा जिले की नौ विधानसभा सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया आज शुक्रवार से शुरू हो गयी है। पहले दिन हुई नामांकन प्रक्रिया में कुल 37 प्रत्याशियों द्वारा नामांकन पर्चे खरीदे गए। जिनमें एत्मादपुर विधानसभा सीट से 05, फतेहपुर सीकरी से 04, खेरागढ़ से 05, बाह से 02, आगरा उत्तर विधासभा सीट से 02, आगरा दक्षिण विधानसभा सीट से 09, छावनी से 03, फतेहाबाद से 02, ग्रामीण से 05 प्रत्याशियों ने नामांकन पर्चे खरीद चुनाव के लिए हुनकार भरी। प्रथम चरण के चुनाव के लिए नामांकन पर्चा भरने की अंतिम तिथि 21 जनवरी है। नामांकन पर्चा भरे जाने के बाद नामांकन पर्चों की जांच 24 जनवरी को होगी और 27 तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इस चरण की सीटों पर मतदान 10 फरवरी को होगा।

कलेक्ट्रेट में नामांकन पर्चा भरने आने वाले प्रत्याशियों के लिए सुरक्षा व्यवस्था का पूरा इंतजाम किया गया है। सभी नौ विधानसभा सीटों के लिए अलग-अलग नामांकन कक्ष कलेक्ट्रेट में बनाए गए हैं। नामांकन के लिए कलेक्ट्रेट में त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है। मुख्य गेट से लेकर नामांकन कक्ष तक पुलिस तैनात की गयी है। नामांकन के दौरान कोरोना गाइडलाइन्स का भी पूर्ण पालन किया जा रहा है।

श्रीकांत

RELATED ARTICLES

Most Popular