बांदा(हि.स.)। जनपद बांदा की तिंदवारी विधानसभा सीट से निर्वाचित हुए रामकेश निषाद प्रदेश सरकार के मंत्रिमंडल में राज्यमंत्री बनाये गए हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र से मंत्री बनने वाले रामकेश तीसरे विधायक हैं। इसके पहले इसी सीट से निर्वाचित होकर विश्वनाथ प्रताप सिंह मुख्यमंत्री बने थे और विशंभर प्रसाद निषाद सपा बसपा शासनकाल में दो बार मंत्री रह चुके हैं।
श्री निषाद जनपद बांदा के पैलानी तहसील अंतर्गत पैलानी डेरा डेरा के निवासी हैं। 47 वर्षीय रामकेश निषाद की पत्नी का नाम श्रीमती राम जानकी है। उनके दो पुत्र जयप्रकाश व पार्थ तथा एक पुत्री प्रभा है। श्री निषाद किसान है और पेशे से अधिवक्ता है। उन्हें दो साल पहले भाजपा का जिला अध्यक्ष बनाया गया था और इस विधानसभा चुनाव में तिन्दवारी विधानसभा सीट से पार्टी ने टिकट दिया। उन्होंने जिले की चारों विधानसभा सीटों में सबसे अधिक 28,425 से अधिक मतों के अंतर से जीत हासिल की।
तिन्दवारी विधानसभा क्षेत्र में हमेशा क्षत्रियों का वर्चस्व रहा है लेकिन जब से इस सीट पर सपा के विशंभर प्रसाद निषाद ने जीत हासिल की तो इनका डेढ़ दशक तक वर्चस्व बरकरार रहा और अब रामकेश निषाद के मंत्री बन जाने से जहां बुंदेलखंड गौरवान्वित हुआ है वही जनपद में भी खुशी की लहर छा गई।
रामकेश निषाद पिछले करीब एक दशक से भाजपा में राजनीति कर रहे हैं। इससे पहले जिला शासकीय अधिवक्ता रहे। भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा में प्रदेश मंत्री, जिला भाजपा में उपाध्यक्ष व महामंत्री पदों पर रहने के बाद पिछले दो वर्षों से भाजपा जिलाध्यक्ष थे। तिंदवारी सीट पर भाजपा से चल रहे नामों में इनका नाम ज्यादा लोगों की जुबां पर नहीं था। लेकिन भाजपा हाईकमान ने अपने जिलाध्यक्ष के नाम पर तिंदवारी सीट से प्रत्याशी बनाया और उन्होंने भारी मतों से जीत हासिल की। पार्टी ने उन्हे मंत्री बनाकर क्षेत्रीय जनता का दिल जीत लिया।
अनिल
