Monday, February 9, 2026
Homeमंडललखनऊ मंडलपहलवानों की सारी मांगे पूरी की गयीं, उनसे धरना खत्म करने की...

पहलवानों की सारी मांगे पूरी की गयीं, उनसे धरना खत्म करने की अपील : अनुराग ठाकुर

-केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि दिल्ली पुलिस निष्पक्ष जांच कर रही, दोषी के खिलाफ होगी कार्रवाई

लखनऊ (हि.स.)। केन्द्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने पहलवानों से दिल्ली में जंतर मंतर पर चले रहे धरने को खत्म करने की अपील की है। खेलो इंडिया से संबंधित कार्यक्रम में सिरकत करने के बाद केन्द्रीय सूचना प्रसारण एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने शुक्रवार को लखनऊ में पत्रकारों के सवाल पर कहा कि पहलवानों की जायज मांगों को हम मान चुके हैं। दिल्ली पुलिस निष्पक्ष जांच कर रही है। दोषी के खिलाफ कार्रवाई करेगी। इसलिए पहलवानों को धरना खत्म करना चाहिए।

केन्द्रीय खेल मंत्री ने कहा कि दिल्ली पुलिस एफआईआर दर्ज कर चुकी है। अब तो सुप्रीम कोर्ट का भी फैसला आ गया है। इस पूरे मामले में काननू अपना काम कर रहा है। इसलिए जंतर मंतर पर पहलवानों को धरना प्रदर्शन बंद कर देना चाहिए।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार ने सदा खेल और खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी है। सभी क्षेत्रों में खेलों में भारत लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर रहा है। हमने बैडमिंटन से लेकर अन्य खेलों तक प्रदर्शन किया है। खेलों में बजट का बढ़ाया गया है। 964 करोड़ से बढ़ाकर 3393 करोड़ कर दिया गया है। 11 खिलाड़ी के ऊपर ढाई से तीन करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं ।

केन्द्रीय खेल मंत्री ने कहा कि जहां तक खिलाड़ियों की मांगों का सवाल है तो मैं यही कहूंगा कि उनकी मांग निष्पक्ष चुनाव की बात थी, उसकी तैयारी की जा रही है। एक कमेटी गठित करने की मांग की थी। वह कमेटी भी गठित कर दी गई है। निष्पक्ष जांच कराने की मांग थी। दिल्ली पुलिस वह भी कर रही है। सुप्रीम कोर्ट ने भी अपना निर्णय दे दिया है। मेरी आग्रह है कि जो भी खिलाड़ी वहां प्रदर्शन कर रहे हैं, वह निष्पक्ष जांच होने दें। दूध का दूध पानी का पानी अलग हो जाएगा। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ दिल्ली पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई करेगी।

खेलो इंडिया कार्यक्रम में शामिल होने लखनऊ आये अनुराग ठाकुर ने कहा कि 5000 से ज्यादा खिलाड़ी हैं। अलग-अलग खेलों का आयोजन किया जाएगा। यह भव्य आयोजन 25 मई से 23 जून तक चलेगा। मुझे पूर्ण विश्वास है कि जैसे पूर्व में कई रिकॉर्ड टूटे हैं, उसी प्रकार से उत्तर प्रदेश की धरती पर भी रिकॉर्ड टूटेंगे। कई उभरते हुए खिलाड़ी हमें मिलेंगे। हम तलाशेंगे और तराशेंगे भी। भारत खेल के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ेगा।

बृजनन्दन/दिलीप

RELATED ARTICLES

Most Popular