Saturday, March 7, 2026
Homeउत्तर प्रदेशपश्चिम क्षेत्र के 30814 बूथों पर भाजपा का घर-घर प्रचार अभियान शुरू

पश्चिम क्षेत्र के 30814 बूथों पर भाजपा का घर-घर प्रचार अभियान शुरू

मेरठ (हि.स.)। भाजपा ने अपने प्रचार अभियान को नया रंग देना शुरू कर दिया है। पश्चिमी क्षेत्र में 30 हजार 814 बूथों पर घर-घर जाकर भाजपा नेता और कार्यकर्ता वोटरों को मथेंगे। मंगलवार से भाजपा नेताओं ने घर-घर जाकर प्रचार करने का अभियान शुरू कर दिया।

उप्र में जन विश्वास यात्राओं के जरिए प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को हर विधानसभा क्षेत्र तक पहुंचाने के बाद अब भाजपा 11 जनवरी से प्रदेश भर में जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया। भाजपा के क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी गजेंद्र शर्मा ने बताया कि इस अभियान के तहत पार्टी के नेता और कार्यकर्ता कोरोना प्रोटोकॉल पालन करते हुए घर-घर जाएंगे। लोगों को केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा किसानों, श्रमिकों, महिलाओं, युवाओं के लिए किए गए कार्यों की जानकारी लोगों को देंगे। लोगों को बताया जाएगा कि प्रदेश की योगी सरकार ने कैसे अपराधियों पर नकेल कसी। कैसे बेघरों को आवास मुहैया कराए। घर-घर बिजली पानी पहुंचाने के लिए प्रयास किए तथा कैसे यूपी को रोजगार प्रदेश बनाया और कैसे किसानों के जीवन को खुशहाल बनाया है।।

भाजपा के क्षेत्रीय मीडिया संपर्क विभाग संयोजक अमित त्यागी गणेशपुर ने बताया कि अभियान के तहत तीन श्रेणियों में कार्यकर्ता प्रवास करेंगे। इसमें महिला संपर्क, सामाजिक संपर्क और लाभार्थी संपर्क शामिल हैं। सभी 71 विधानसभा क्षेत्रों के अनुरूप टोलियां बनाई गई हैं। सभी टोलियों में चुनाव आयोग के निर्देशों के तहत अधिकतम 05 कार्यकर्ता शामिल किए गए हैं। संपर्क के क्रम में सभी टोलियों के लोग कोविड व्यवहार का पालन करेंगे। लोगों को मास्क और सैनिटाइजर का वितरण भी कार्यकर्ताओं द्वारा किया जाएगा। इसके अतिरिक्त संपर्क टोली लोगों के घरों में भाजपा के स्टीकर और झंडे भी लगाने का आग्रह करेगी। अभियान के तहत लाखों लाभार्थियों से विशेष तौर पर सम्पर्क की योजना बनाई गई है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता आलोक सिसोदिया ने बताया कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार में 15 करोड़ गरीबों को डबल राशन के साथ, प्रदेश सरकार मुफ्त राशन, तेल, शक्कर, दाल का वितरण कर रही है। 3.10 करोड़ श्रमिकों को भरण-पोषण के लिए 500 रुपए प्रतिमाह देने और 23 लाख श्रमिकों को भरण पोषण के लिए 1000 रुपए प्रति माह देने के लिए 230 करोड़ रुपए की धनराशि दी गई है। राज्य में सभी लोगों को कोरोना का मुफ्त टीका लगाया जा रहा है। सरकार ने बेघरों की सुध ली है।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular