Sunday, April 5, 2026
Homeउत्तर प्रदेश पश्चिमी हिमालय पर सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ, कानपुर में तेज होगी सर्दी

 पश्चिमी हिमालय पर सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ, कानपुर में तेज होगी सर्दी

कानपुर (हि.स.)। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के बीच पश्चिमी हिमालय पर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इससे मैदानी क्षेत्रों यानी कानपुर परिक्षेत्र के मौसम में बदलाव होगा और तापमान में उतार चढ़ाव बना रहेगा। इसके साथ ही सर्दी और तेज पड़ना शुरु हो जाएगी। हालांकि बारिश की संभावना नहीं है और आसमान साफ रहेगा।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने मंगलवार को बताया कि दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना हुआ निम्न दबाव का क्षेत्र अब गहरे निम्न दबाव के रुप में तेज हो गया है। संबद्ध चक्रवाती परिसंचरण मध्य क्षोभमंडल स्तरों तक फैला हुआ है। यह छह दिसंबर की शाम तक एक डिप्रेशन में और सात दिसंबर तक एक चक्रवात में सशक्त हो सकता है और पश्चिम उत्तर पश्चिम दिशा में तमिलनाडु और दक्षिण आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ना जारी रखेगा। एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के सात दिसंबर की रात तक पश्चिमी हिमालय तक पहुंचने की उम्मीद है।

अगले चौबीस घंटों के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। तमिलनाडु में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। आठ दिसम्बर की सुबह से तटीय तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के दक्षिणी तट पर बारिश की गतिविधियों में वृद्धि होगी। आठ दिसंबर को तमिलनाडु में और आठ दिसंबर से 10 दिसंबर तक आंध्र प्रदेश के दक्षिणी तट पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। आठ दिसंबर से पश्चिमी हिमालय में बारिश और बर्फबारी भी शुरू हो सकती है और 11 दिसंबर तक जारी रह सकती है। श्रीलंका, तमिलनाडु और दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट पर समुद्र की स्थिति खराब से बहुत खराब बनी रहेगी।

बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 24.4 और न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 93 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 43 प्रतिशत रही। हवा की दिशाएं उत्तरी पूर्वी रहीं जिनकी औसत गति 1.3 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में साफ आसमान रहने के साथ तापमान में एक या दो डिग्री का उतार चढ़ाव हो सकता है लेकिन वर्षा की कोई संभावना नहीं है।

अजय सिंह

RELATED ARTICLES

Most Popular