Saturday, March 7, 2026
Homeउत्तर प्रदेशपश्चिमी हिमालय के पास सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ, उप्र में पड़ेगा असर

पश्चिमी हिमालय के पास सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ, उप्र में पड़ेगा असर

– तापमान में आएगी गिरावट, रात में पड़ने लगेगी गुलाबी सर्दी

कानपुर (हि.स.)। मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है और हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम होने से सम्भावना थी कि तापमान में बढ़ोत्तरी होगी, लेकिन अब पश्चिमी हिमालय पर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इसका सीधा असर उत्तर प्रदेश में भी पड़ेगा और तापमान में गिरावट होगी। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से अब रात में गुलाबी सर्दी पड़ना शुरु हो जाएगी।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने सोमवार को बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान विदर्भ, छत्तीसगढ़, आंतरिक महाराष्ट्र, झारखंड, आंतरिक ओडिशा और पूरे पश्चिम बंगाल के कुछ और हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून वापस आ सकता है। महाराष्ट्र तट के पास पूर्वी मध्य अरब सागर के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दक्षिण पूर्व अरब सागर के ऊपर बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा दक्षिण-पूर्व अरब सागर पर बने चक्रवाती परिसंचरण से लेकर केरल और तमिलनाडु होते हुए दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। आज रात तक पश्चिमी हिमालय के पास ताजा पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है।

बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 31.5 और न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 81 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 46 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 3.6 किमी प्रति घंटा रही। भारतीय मौसम विभाग से प्राप्त मौसम पूर्वानुमान के अनुसार आगामी सप्ताह आसमान साफ रहने के आसार हैं।

अजय

RELATED ARTICLES

Most Popular