Wednesday, January 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेशपश्चिमी विक्षोभ से तापमान में जारी रहेगा उतार चढ़ाव, गर्मी से मिल...

पश्चिमी विक्षोभ से तापमान में जारी रहेगा उतार चढ़ाव, गर्मी से मिल सकती है मामूली राहत

कानपुर (हि.स.)। उत्तरी राजस्थान और आसपास के इलाकों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र निचले स्तरों पर बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा विदर्भ से मराठवाड़ा होते हुए उत्तर आंतरिक कर्नाटक तक फैली हुई है।

दक्षिण पूर्व अरब सागर और लक्षद्वीप क्षेत्र के आसपास के हिस्सों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। 19 अप्रैल तक एक नए पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में पहुंचने की उम्मीद है। इस प्रकार पश्चिमी विक्षोभों की सक्रियता से तापमान में उतार चढ़ाव जारी रहेगा, लेकिन गर्मी से बहुत राहत मिलने के उम्मीद नहीं है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कृषि मौसम वैज्ञानिक डा. एस एन सुनील पाण्डेय ने रविवार को बताया कि मार्च के अंतिम सप्ताह से मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में लू से लेकर गंभीर लू की स्थिति देखी गई है। उत्तर-पश्चिम और उत्तर भारत में बिखरी हुई प्री-मानसून गतिविधियों का मध्य भारत पर भी मामूली प्रभाव पड़ता है। तापमान में कुछ हद तक गिरावट आई है जिससे भीषण गर्मी की स्थिति में कमी आई है।

उत्तर पश्चिमी भारत का मौसम फिर से साफ हो जाएगा और उत्तर पश्चिमी और उत्तरी मैदानी इलाकों कानपुर सहित गर्मी/लू बनी रहेगी और अधिकांश हिस्सों में तापमान में एक या दो डिग्री का उतार चढ़ाव भी देखा जाएगा। राजस्थान के अधिकांश हिस्सों, गुजरात, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में लू की फिर से शुरुआत होगी। इन राज्यों के कुछ इलाकों में भीषण गर्मी पड़ सकती है। 20 से 21 अप्रैल के बीच गुजरात और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में छिटपुट गरज या हल्की बारिश हो सकती है। गुजरात के पूर्वी और दक्षिणी जिलों के साथ-साथ उत्तरी मध्य महाराष्ट्र और पश्चिम विदर्भ के कुछ हिस्सों में प्री-मॉनसून मौसम की गतिविधियां हो सकती हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है। यह राहत अल्पकालिक होगी और तापमान एक बार फिर ऊपर की ओर बढ़ेगा।

कानपुर में रविवार को अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 3.0 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस कम रहते हुए 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम 64 प्रतिशत और सापेक्षिक आर्द्रता न्यूनतम 35 प्रतिशत रही। हवा की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 2.8 किमी प्रति घंटा रही।

अजय

RELATED ARTICLES

Most Popular