Thursday, April 2, 2026
Homeउत्तर प्रदेशपश्चिमी विक्षोभ से कानपुर सहित उत्तर प्रदेश में बढ़ेगी सर्दी

पश्चिमी विक्षोभ से कानपुर सहित उत्तर प्रदेश में बढ़ेगी सर्दी

कानपुर (हि.स.)। चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पाण्डेय ने मंगलवार को बताया कि एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे श्रीलंका तट पर बना हुआ है।

डॉ. पाण्डेय ने कहा कि एक ट्रफ रेखा ऊपर चक्रवाती परिसंचरण से तमिलनाडु और केरल होते हुए दक्षिण-पूर्व अरब सागर तक फैली हुई है। पश्चिमी हिमालय के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। एक और पश्चिमी विक्षोभ चार नवम्बर तक जम्मू-कश्मीर में पहुंच सकता है। इससे मैदानी क्षेत्र कानपुर सहित उत्तर प्रदेश में तेजी से सर्दी बढ़ेगी।

उन्होंने बताया कि अगले चौबीस घंटों के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश और तटीय तमिलनाडु में कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश के साथ भारी बारिश संभव है। आंतरिक तमिलनाडु, केरल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और रायलसीमा में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख, जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। उत्तराखंड में छिटपुट हल्की बारिश और हिमपात हो सकता है। कानपुर लखनऊ और एनसीआर में वायु गुणवत्ता सूचकांक बहुत खराब से गंभीर श्रेणी में रह सकता है।

कानपुर में अधिकतम तापमान 31.8 और न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 96 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 39 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं दक्षिण पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 1.4 किमी प्रति घंटा रहीं। सीएसए यूनिवर्सिटी एवं भारतीय मौसम विभाग से प्राप्त मौसम पूर्वानुमान के अनुसार आगामी सप्ताह आसमान साफ रहने के कारण बारिश की संभावना नहीं है।

अजय सिंह

RELATED ARTICLES

Most Popular