Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेशपश्चिमी विक्षोभ के कमजोर होने से बढ़ेगी सर्दी

पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर होने से बढ़ेगी सर्दी

बारिश की नहीं है संभावना, कोहरा रहेगा बरकरार

कानपुर(हि.स.)। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के साथ उत्तरी पश्चिमी हवाओं के चलने से मैदानी क्षेत्र कानपुर में सर्दी लगातार बढ़ रही है। इस बीच पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय हो गया था जिससे तापमान में उतार चढ़ाव बना रहा और शुक्रवार को भी तापमान बढ़ गया। वहीं मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ अब कमजोर हो गया है जिससे सर्दी बढ़ेगी और तापमान गिरेगा।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस. एन. सुनील पाण्डेय ने बताया कि दक्षिण-पूर्व अरब सागर और उससे सटे भूमध्यरेखीय क्षेत्र पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र अब भी बना हुआ है। पश्चिमी हिमालय पर बना पश्चिमी विक्षोभ अब दूर हो जाएगा। एक प्रेरित चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तरी पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों पर बना हुआ है। अगले 24 घंटों के दौरान पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली के कुछ हिस्सों में कोहरा छा सकता है। उत्तर भारतीय मैदानी इलाकों के कुछ हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने से तापमान में गिरावट आ सकती है। लगभग पूरे देश में मौसम शुष्क रहेगा। उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में तापमान में एक या दो डिग्री का उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 22.2 और न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 95 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 63 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तरी पूर्वी रहीं जिनकी औसत गति 2.8 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में ज्यादातर आसमान साफ रहेगा। उत्तर पश्चिमी हवाओं का चलना जारी रहेगा और ऊंचे बादलों के कारण धूप कमजोर रह सकती है लेकिन वर्षा की कोई संभावना नहीं है। इसके साथ ही प्रातः काल व रात्रि के समय कोहरा बना रहेगा।

अजय सिंह

RELATED ARTICLES

Most Popular