Wednesday, March 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशपश्चिमी उप्र में फिर से नहीं बनने देंगे कैराना व कांधला जैसे...

पश्चिमी उप्र में फिर से नहीं बनने देंगे कैराना व कांधला जैसे हालात: योगी आदित्यनाथ

लखनऊ (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उप चुनाव को लेकर गुरुवार को बुलंदशहर के बूथ, मंडल और सेक्टर के पदाधिकारियों से संवाद किया।
इस दौरान उन्होंने विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अब फिर से कैराना और कांधला नहीं बनने देंगे। अब वहां मुजफ्फरनगर जैसे दंगे भी नहीं होने देंगे। इन जगहों पर क्या हुआ था। किसकी वजह से हुआ था, सबको पता है। 
उन्होंने कहा कि ऐसे ही लोग अपनी नापाक हरकतों के साथ पश्चिम उत्तर प्रदेश को एक बार फिर साम्प्रदायिकता और जातीयता की आग में झोंकना चाहते हैं। इनके रग-रग में दंगा बसा है। इनके मंसूबों को कतई कामयाब नहीं होने देंगे। एक-एक कर सबकी पहचान हो रही है। कार्रवाई भी होगी।
उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विश्वास और सबका भरोसा हमारे लिए सिर्फ नारा नहीं संकल्प है। केन्द्र और प्रदेश सरकार की जितनी भी कल्याणकारी योजनाएं हैं, उनके पाने की एक मात्र शर्त पात्रता ही रही है। हमने पूरी पारदर्शिता से बिना भेदभाव के इनका लाभ सबको दिया। पहले की सरकारों में इसके लिए जाति, धर्म, मजहब और क्षेत्र होता था। हर व्यक्ति जो शांति और विकास चाहता है, वह भाजपा को भी चाहता है। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के असली मसीहा चौधरी चरण सिंह थे। बाकी लोगों के लिए किसान सिर्फ वोट बैंक रहे हैं। अगर किसानों की इतनी ही फिक्र रहती तो 30 वर्ष से बंद रमाला चीनी मिल चलवा देते। मोइनीद्दीनपुर चीन मिल को अपग्रेड कर उसकी क्षमता बढ़वा देते। यह काम भाजपा ने किया। पश्चिम उत्तर प्रदेश के गन्ना बेल्ट की किसानों की समस्याएं बेहतर तरीके से समझने के लिए उसी क्षेत्र के विधायक को विभाग का मंत्री बनाया। नतीजतन साढ़े तीन साल में एक लाख छह हजार करोड़ रुपये का भुगतान गन्ना किसानों को हुआ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व विधायक स्वर्गीय वीरेंद्र सिंह सिरोही के सपनों को पूरा करना हम सबका फर्ज है। हम लोग कर भी रहे हैं। यहां पर सबसे बड़ा लम्बा एक्सप्रेसवे गंगा एक्सप्रेस-वे बुलन्दशहर से होकर गुजरेगा। एशिया का सबसे बड़ा इंटरनेशनल जेवर एयरपोर्ट आपके बाजू में बन रहा है। ग्रेटर नोएडा में देश की सबसे खूबसूरत फिल्म सिटी बनाने जा रहे हैं। इसका सबका लाभ बुलन्दशहर को भी मिलेगा।
प्रदेश भजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि विपक्षी दल दिन भर देश में अराजकता व झूठ के सहारे भ्रम फैलाने की कोशिशों में लगे रहते है। जनता को ऐसे दलों की सच्चाई पता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार व उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य की भाजपा सरकार में जिस तरह का चहुंमुखी विकास हो रहा है, उससे विपक्ष की रातों की नींद उड़ गई हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि ‘बूथ जीतो चुनाव जीतो’ के मंत्र पर चुनावी तैयारी में जुट जाएं। 

RELATED ARTICLES

Most Popular