Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेशपश्चिमी उप्र में उमस बढ़ने से बदल रहा मौसम, धूप निकलने से...

पश्चिमी उप्र में उमस बढ़ने से बदल रहा मौसम, धूप निकलने से दिखने लगा बसंत का असर

कानपुर (हि.स.)। अब बसंत के मौसम का असर दिखने लगा है। बुधवार की सुबह लोगों को तेज धूप निकलने से सुहावनी लगी। बदलते मौसम का असर पश्चिमी उप्र में देखने को मिल रहा है। कानपुर, बरेली में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई और दिन में धूप भी तेज लगी। सुबह से ही मौसम साफ है।

चन्द्रशेखर कृषि विश्वविद्यालय (सीएसए) के मौसम विज्ञानी डॉ. एस.एन सुनील पांडेय ने बताया कि कानपुर में एक से छह फरवरी तक अधिकतम तापमान में आठ डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है। एक फरवरी को पारा 20 डिग्री था, जो मंगलवार को 30 डिग्री पर पहुंच गया। इससे उलट रात के तापमान में कभी कम तो कभी अधिक तापमान हो रहा है।

मौसम विभाग का कहना है कि 15 फरवरी के बाद से गर्मी तेजी से बढ़ेगी। अगले 48 घंटे तक मौसम साफ रहने का अनुमान है, लेकिन उसके बाद फिर से तापमान में गिरावट आ सकती है। एक सप्ताह पूर्व पहाड़ों पर बर्फ पड़ने के कारण उत्तराखंड से सटे उप्र के क्षेत्र में सर्दी पड़ी। आज यहां पारा आठ डिग्री पर रहा।

मंगलवार रात हवा की स्पीड 11 किमी की रही। बुधवार को भी मौसम सर्द रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 24 डिग्री पर पहुंचने का पूर्वानुमान है, जबकि दिन और रात्रि के समय भी हवा की स्पीड अन्य दिनों की तुलना में अधिक रहेगी।

मौसम विज्ञानी के मुताबिक रात के तापमान में भी तीन डिग्री की बढ़ोतरी के साथ अधिकतम पारा 11.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। यह सामान्य निर्धारित तापमान से भी 2.1 डिग्री अधिक है। इन पूरे वर्षों में 10 फरवरी के बीच कभी दिन का तापमान इतना नहीं हुआ। वर्ष 2011 में आज की तारीख में दिन का तापमान इसके करीब पहुंचा था। फरवरी में हमेशा अधिकतम पारा 19 से लेकर 28 फरवरी के बीच ही रहा है। ऐसा पहली बार हुआ है कि गर्मी तेज पड़ना शुरू हो गई है।

देर से शुरू हुई ठंड बसंत पंचमी के साथ वापस लौटने लगी। फरवरी की शुरुआत में सर्द पारा तेजी से नीचे गिरने लगा। अब सुबह और रात में हल्की ठंड महसूस हो रही है। कानपुर में तो 52 साल बाद दिन का तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

मार्च में पहुंच सकता है 40 डिग्री के पार

कानपुर में दिन के वक्त लोग शर्ट या टी-शर्ट में नजर आने लगे हैं। मंगलवार को दिन का तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मार्च महीने से गर्मी और सताने वाली है। मौसम के तेज बदलाव के बीच मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इस बार मार्च महीने में ही तापमान 40 डिग्री तक जा सकता है।

राम बहादुर

RELATED ARTICLES

Most Popular