गोरखपुर (हि.स.)। जिले के चौरीचौरा क्षेत्र के सोनबरसा बाजार में पुलिस चौकी के सामने शनिवार पुलिस और पशु तस्करों में मुठभेड़ हुई। एक पशु तस्कर को गोली लगी और वह घायल है। घायल इमरान पुत्र नूर मोहम्मद जौनपुर जिले के सरपतहा थाना क्षेत्र के बिसौनी गांव का निवासी बताया जा रहा है।
पुलिसिया दावे के मुताबिक पुलिस ने पशु तस्करों को पकड़ने के लिये घेराबन्दी की थी। अचानक पशु तस्कर वहां पहुंच गए और पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। लेकिन पशु तस्करों ने सरेंडर करने की बजाय पुलिस से भिड़ गए। कुछ देर में ही उनकी मुठभेड़ शुरू हो गई। पशु तस्करों ने पुलिस पर गोली चलानी शुरू कर दी और भागने भी लगे। इसके बाद सक्रिय हुई पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की और पशु तस्करों पर फायर झोंकना शुरू किया। इसमें एक पशु तस्कर को गोली लग गई। इसकी पहचान इमरान पुत्र नूर मोहम्मद जौनपुर जिले के सरपतहा थाना क्षेत्र के बिसौनी गांव के रूप में हुई है। ट्रक लेकर भागने के दौरान पशु तस्करों की ट्रक ने तीन गाड़ियों को ठोकर मारी। इनमें एक ट्रक, एक बस व एक स्कार्पियो शामिल है।
इधर, चौरीचौरा प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार पाण्डेय व सोनबरसा चौकी प्रभारी मदन मोहन मिश्रा ने अपने अपने फोर्स के साथ घेराबन्दी कर ट्रक को कब्जे में ले लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन ताडा, एसपी नार्थ व चौरीचौरा क्षेत्राधिकारी अखिलानंद उपाध्याय, क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके का जायजा लिया है।
आमोद
