ज्ञापन देकर आरोपियों के गिरफ्तारी की मांग, हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं में आक्रोश
रोहित कुमार गुप्ता
उतरौला बलरामपुर। शनिवार सुबह लगभग सात बजे कस्बा चौकी क्षेत्र के गुरदयालडीह गांव के सत्यदेव तिवारी के बाग में प्रतिबंधित पशु के अवशेष मिलने के बाद हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया।
घटना की सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह ने मौके पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को शांत कराकर सिर व अन्य अवशेषों को कब्जे में ले लिया।
विश्व हिंदू महासंघ के जिला सुरक्षा प्रमुख सुरेश कश्यप की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम व पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। सुरेश कश्यप ने बताया कि सुबह लगभग सात बजे बाग के मालिक ने प्रतिबंधित पशु के वध के बाद अवशेष पड़े होने की सूचना दी थी। मौके पर अन्य कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचने पर देखा कि वहां सिर, मांस, बोगदा, चाकू, तिरपाल पड़े थे। बाग में खून फैला हुआ था। मौके को देखने के बाद ऐसा प्रतीत हो रहा था कि आरोपी किसी के आने की आहट पाकर हड़बड़ी में जान बचाकर भाग गए थे। कार्यकर्ताओं के आक्रोश को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल बुला लिया गया था। प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें बना दी गई हैं।
