लखनऊ (हि.स.)। आलमबाग क्षेत्र में एक निजी स्कूल में शिक्षक दिवस के अवसर पर समाज में पर्यावरण जन जागरूकता व इसमें विद्यार्थियों के योगदान विषय पर प्रतियोगिता हुआ। प्रतियोगिता में छात्रों को पुरस्कार से सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पर्यावरण आयाम के पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उद्यमी सुभाष रहे।
उन्होंने प्रतियोगिता के दो श्रेणियों में कक्षा 06 से 09 और कक्षा 10 से 12 के प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। कक्षा 10 से 12 श्रेणियों में प्रथम स्थान वैष्णवी गुप्ता, द्वितीय स्थान गरिमा यादव और तृतीय स्थान भव्या गुप्ता और कक्षा 06 से 09 की श्रेणियों में प्रथम स्थान आर्यन अग्रवाल, द्वितीय स्थान विजेंद्र प्रताप सिंह और तृतीय स्थान इकरा फातिमा ने हासिल किया। सभी प्रतिभागियों को सर्टिफिकेट, ट्रॉफी और तुलसी का पौधा दे कर सम्मानित किया गया और शेष सभी प्रतिभागियों को सर्टिफिकेट दिये गये।
कार्यक्रम में उद्बोधन करते हुए पर्यावरणविद् डॉ आशीष ने विद्यार्थियों व उपस्थित अभिभावकों को पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के उपक्रम पेड़, पानी और प्लास्टिक के करणीय कार्यों पर चर्चा की। पर्यावरण समस्याओं और उनके निदान में हमारी भूमिका को लेकर इकोब्रिक, रसोई में बगिया और हरित घर संकल्प को सभी के मध्य रखा।
डॉ मृदुल ने कहा कि हमें पर्यावरण संरक्षण को अपने स्वभाव में उतरना है और महंगे उपहार की जगह पौधे देने का प्रचलन आरंभ कर प्रकृति को खुशहाल बनाना है। आखिर में सुभाष ने कार्यक्रम के समापन की घोषणा की और मानस पाण्डेय ने उपस्थित समस्त लोगों को धन्यवाद ज्ञापित किया।
