Friday, April 17, 2026
Homeउत्तर प्रदेशपर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है उर्वरक : सूर्य प्रताप शाही

पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है उर्वरक : सूर्य प्रताप शाही

कृषक किसी भी असुविधा से बचने के लिए सीधे अधिकारियों से करें संपर्क

लखनऊ(हि.स.)। प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने उर्वरक की उपलब्धता के सम्बन्ध में अपने कार्यालय कक्ष में समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने जानकारी दी कि रबी 2022 में बोई जाने वाली फसल में डीएपी उर्वरक का प्रयोग किये जाने के लिए 12500 मि. टन लक्ष्य के सापेक्ष उपलब्ध डीएपी उर्वरक 13142 मि. टन, एनपीके उर्वरक 1134 मि. टन एवं सिंगल सुपर फास्फेट उर्वरक 218 मि. टन लखनऊ के बिक्री केन्द्रों पर उपलब्ध कराकर वितरित किया जा रहा है।

जनपद में इफको डीएपी उर्वरक की एक(1) रैक 3648 मि. टन की सहकारिता व समितियों से वितरण हेतु प्राप्त हो रही है। इसके साथ ही जनपद लखनऊ में उर्वरक की मांग को देखते हुए जनपद उन्नाव से इफको डीएपी 1000 मि. टन, जनपद रायबरेली से इफको डीएपी 350 मि.टन तथा एनपीके 150 मि. टन, हरदोई से इफको डीएपी 100 मि. टन का अतिरिक्त आवंटन किया है।

कृषि मंत्री ने कृषकों को आश्वस्त किया है कि जनपद में किसी भी प्रकार के रासायनिक उर्वरकों यूरिया, डीएपी, एनपीके एवं एमओपी की कोई कमी साधन सहकारी समितियों, एवं अन्य बिक्री केन्द्रों पर नहीं है। सभी उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। कृषक बन्धु अपनी जोत के आधार पर फास्फेटिक उर्वरक प्राप्त करके बुवाई करें। उन्होंने कहा कि कृषक कोई परेशानी होने पर सीधे अधिकारियों से संपर्क करें। अधिकारी उनकी समस्या का निदान करेंगे। समीक्षा बैठक के दौरान जिला कृषि अधिकारी, सहायक आयुक्त एव सहायक निबन्धक सहकारी समितिया लखनऊ, क्षेत्रीय प्रबन्धक पी0सी0एफ0, उप आयुक्त सहकारिता, लखनऊ मण्डल, संयुक्त कृषि निदेशक लखनऊ मण्डल लखनऊ उपस्थित थे।

उपेन्द्र

RELATED ARTICLES

Most Popular