मेरठ (हि.स.)। मेरठ पुलिस लाइन में शुक्रवार को परेड के दौरान एक सिपाही की तनी हुई मूंछों को देखकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी खुश हो गए। एसएसपी ने तनी हुई मूंछों के लिए सिपाही को एक हजार रुपए का इनाम देकर सम्मानित किया।
पुलिस लाइन में इस समय सिपाहियों की परेड चल रही है। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड का निरीक्षण किया। उस समय कई थानों के जवान परेड कर रहे थे। इस दौरान एसएसनपी की नजर पल्लवपुरम थाने के कांस्टेबल आकाश की तनी हुई मूंछों पर गई और प्रसन्न हो गए। एसएसपी ने कांस्टेबल की तनी हुई मूंछों और वर्दी का टर्न आउट उच्च कोटि का होने के कारण प्रशंसा की। इसके बाद सिपाही को एसएसपी ने एक हजार रुपए नकद और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने अन्य पुलिसकर्मियों को भी इससे सीख लेने को कहा। एसएसपी ने सिपाही का उत्साहवर्धन किया और उसका मनोबल बढ़ाया। इस दौरान एएसपी कैंट सूरज राय, एएसपी ब्रह्मपुरी विवेक यादव आदि उपस्थित रहे।
कुलदीप
