लखनऊ(हि.स.)। जो व्यक्ति अपने ही घर में आग लगाने के लिए माचिस लेकर बैठा हो, उसके लिए किसी दुश्मन की क्या जरूरत है। जो दिनरात अपने घर के लोगों को पीछे धकेलने में लगा हो, अपने चाचा और पिता को किनारे कर दिया हो, भला वह दूसरों के भला करने के बारे में कैसे सोच सकता है। ये बातें भाजपा नेता और पूर्व मंत्री उत्पल राय ने रविवार को कही।
राय ने अखिलेश यादव द्वारा किये गये ट्वीट “एकजुटता देखकर भाजपा बौखला गयी है” के जवाब में ये बातें कहीं। इलाहाबाद विवि के पूर्व छात्रनेता एवं बसपा शासनकाल में दर्जा प्राप्त मंत्री रह चुके राय ने कहा कि सपा अब प्रदेश में वेंटिलेटर के स्तर तक पहुंच चुकी है। आने वाले दिनों में वह जल्द ही कांग्रेस जैसी विलुप्त प्राय हो जाएगी। आज अखिलेश की एसी वाली राजनीति के कारण उनके लोग भी उनसे दूर जा रहे हैं।
उत्पल राय ने कहा कि भाजपा हमेशा जनता के बीच रहकर जनता के लिए काम करती है। यहां हर कार्यकर्ता समर्पण भाव से समाज में होने वाली गतिविधियों पर ध्यान रखता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अधिकांश योजनाएं किसानों, गरीबों के जीवन स्तर को सुधारने के लिए होती हैं। वे योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में विश्वास करते हैं।
उपेन्द्र
