Saturday, April 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशपरिवार को बांटकर जीतने का सपना छोड़ दे भाजपा : सपा

परिवार को बांटकर जीतने का सपना छोड़ दे भाजपा : सपा

– शिवपाल यादव ने कहा, नेताजी के बाग को अब हम सींचेंगे

लखनऊ/मैनपुरी (हि.स.)। मैनपुरी लोकसभा पर होने जा रहे उपचुनाव में लगातार राजनीतिक समीकरण बदलने पर समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच आरोप-प्रत्यारोपों का दौर तेज हो गया है। गुरुवार को चाचा व प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल यादव से मुलाकात के बाद सपा ने भाजपा पर निशाना साधा है। पार्टी ने ट्वीट कर हमला बोलते हुए कहा कि ‘परिवार को बांटकर जीतने का सपना छोड़ दे भाजपा।’

समाजवादी पार्टी (सपा) ने आधिकारिक ट्वीटर अकाउंट से ट्वीट कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘परिवार को बांटकर जीतने का सपना छोड़ दे भाजपा और भाजपाई। समाजवादी एक थे, एक हैं और एक रहेंगे। नेताजी के सपने को मिलकर सभी समाजवादी पूरा करेंगे। बड़ों को सम्मान, छोटों को प्यार और आपस में विश्वास ही समाजवाद है और मैनपुरी से डिंपल यादव की बड़ी जीत होगी!’

सपा की ओर से आगे कहा गया कि ‘शिवपाल सिंह यादव ने भी अपनी बहू डिंपल यादव के पक्ष में भारी बहुमत से जिताने की अपील की है। जो भी मीडिया के बंधु और भाजपा नेतागण परिवार में फूट और अलगाव के सपने देख रहे थे और उल्टी सीधी बयानबाजी कर रहे थे वे उनके साथ आने से यह देख लें!’

कहा कि ‘रक्त के संबंध कभी अलग नहीं होते। भाजपाइयों ने अटल जी, आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, जसवंत सिंह, कीर्ति आजाद, शत्रुघ्न सिन्हा, यशवंत सिंह जैसे समर्पित और पुराने भाजपा के संस्थापकों तक का अपमान किया है। उक्त भाजपा नेताओं के बारे में सवाल करने पर भाजपाई चुप्पी मार जाते हैं।’

शिवपाल ने कहा, नेताजी के बाग को अब हम सीचेंगे

अखिलेश यादव से मुलाकात के बाद शिवपाल यादव अपने आधिकारिक ट्वीटर अकाउंट से उन्होंने ट्वीट किया। जिसमें शिवपाल ने परिवार मेें दूरियां और गलतफहमियों के खत्म होने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि ‘जिस बाग को नेताजी ने सींचा हो, उस बाग को अब हम अपने खून पसीने से सीचेंगे।’

शिवपाल यादव का यह ट्वीट उस वक्त आया है जब लम्बे समय से अखिलेश यादव के साथ उनकी परिवारिक और राजनीतिक दूरियां बढ़ती जा रही थी। शिवपाल का यह ट्वीट सियासी मायने में एक अलग और परिवार में फूट की बातों को दरकिनार करता देखने वाला है।

मोहित वर्मा

RELATED ARTICLES

Most Popular