Sunday, March 29, 2026
Homeउत्तर प्रदेश पराग डेयरी रक्षाबंधन पर लांच करेगी राजभोग और रसगुल्ला

 पराग डेयरी रक्षाबंधन पर लांच करेगी राजभोग और रसगुल्ला

– घाटे से उबरने के लिए जूझ रही दुग्ध संघ की पराग डेयरी का नया प्रयोग

– पराग डेयरी सैंपल तैयार करके ग्राहकों से ले रही है फीड बैक

मुरादाबाद (हि.स.)। लंबे अरसे से चल रहे घाटे से उबरने के लिए जूझ रही दुग्ध संघ की पराग डेयरी रक्षाबंधन पर पराग का राजभोग और रसगुल्ला लांच करेगी। इसकी तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है। पराग डेयरी में सैंपल के रूप में इसे तैयार करने का काम शुरू कर दिया गया है । तैयार सैंपल को दलपतपुर स्थित पराग पार्लर पर रखा गया है। जहां आने वाले ग्राहकों को उसे टेस्ट करा कर फीड बैक लिया जा रहा है।

पराग डेयरी के पास अभी सिर्फ पैक्ड मिल्क बनाने का प्लांट है। दुग्ध संघ करीब 40 हजार लीटर दुग्ध प्रतिदिन दुग्ध समितियों के माध्यम से लेता है। इसमें 20 हजार लीटर दुग्ध से पांच प्रकार का पैक्ड मिल्क प्लांट के माध्यम से तैयार कर बाजार में बेचता है। जबकि करीब पांच हजार लीटर दुग्ध का पराग घी, मट्ठा समेत 14 अन्य उत्पाद मैनुअली तैयार कर उसे बाजार में बेचता है। 10-15 हजार लीटर दुग्ध प्रतिदिन सरप्लस बचता है, जिसे दुग्ध संघ मजबूरी पर मदर डेयरी को बेचता है। घाटे को कम करने के लिए दुग्ध संघ के अधिकारी इस सरप्लस दुग्ध को खपाने के साथ अपनी बिक्री में भी इजाफा करना चाहते हैं। इसके लिए वह नए प्रोडक्ट को लांच करना चाहता है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए पराग डेयरी के अधिकारियों ने रक्षा बंधन के मौके पर पराग डेयरी का नया उत्पाद राजभोग और रसगुल्ला बाजार में लांच करना चाहते हैं। ग्राहकों को उनका नया प्रोडक्ट भाए, इस लिए पराग डेयरी में प्रति दिन करीब दस किलो राजभोग सैंपल के रूप में तैयार किया जा रहा है। जिसे वह अपने पराग बूथ पर रख कर वहां आने वाले ग्राहकों को टेस्ट कराकर उनका सुझाव प्राप्त कर रहे हैं।

रक्षाबंधन पर ज्यादा होती है राजभोग और रसगुल्ले की बिक्री

दुग्ध संघ दलपतपुर मुरादाबाद के महाप्रबंधक पंकज सिंह ने बताया कि रक्षाबंधन के मौके पर राजभोग और रसगुल्ला की बिक्री अच्छी खासी होती है। लोग चाहते हैं कि उन्हें शुद्ध मिठाई मिले। इसी को ध्यान में रखते हुए पराग राजभोग और रसगुल्ला रक्षा बंधन के मौके पर लांच किया जाएगा। सैंपल के रूप में पराग पार्लर पहुंचे लोगों को टेस्ट कराया जा रहा है। शुरू में जो फीडबैक मिल रहा है, उससे उम्मीद है कि यह नया उत्पाद भी ग्राहकों को खूब भाएगा। इसके अलावा रक्षाबंधन पर पराग अपनी सभी मिठाइयों से तैयार एक मिक्स मिठाई का इस्पेशल पैक भी आकर्षक पैकिंग में बाजार में उतारेगा।

मिल्क केक, खीर से लेकर कलाकंद तक कई प्रोडक्ट हैं बाजार में

वर्तमान में पराग डेयरी के प्रोडक्टों में पराग मिल्क केक कप, पराग पेड़ा, पराग चावल खीर, पराग सुगंधित मीठा दूध पॉलीपैक, मसालेदार नमकीन मट्ठा पॉलीपैक, पराग सादा छाछ पॉलीपैक, पराग पनीर, पराग पनीर लाइट, पराग पेड़ा, पराग बेसन लड्डू, पराग खोवा, पराग छेना खीर, सादा दही, कलाकंद, दही मटका, पराग घी आदि शामिल हैं।

निमित जायसवाल//बृजनंदन

RELATED ARTICLES

Most Popular