– रविवार को भौनवाल स्कूल मैदान, बिजनौर में कार्यक्रम
लखनऊ (हि.स.) । सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र की महिलाएं व युवतियां भाजपा के पक्ष में अपने शक्ति का एहसास कराएंगी। इसके साथ ही क्षेत्र की विधायक व राज्य सरकार में मंत्री स्वाती सिंह उनका सम्मान भी करेंगी। इसकी तैयारियां एक सप्ताह से चल रही हैं। कार्यक्रम में 15 हजार से अधिक स्वावलम्बी महिलाओं के सम्मान किये जाने का कार्यक्रम है। कार्यक्रम रविवार को सुबह 11 बजे से भौनवाल स्कूल मैदान, बिजनौर में शुरू होगा।
प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वाती सिंह ने कहा कि भाजपा महिलाओं का सम्मान हमेशा करती आयी है। इसी कड़ी में हमने स्वावलम्बी सहित विभिन्न विधाओं की महिलाओं का सम्मान करने की योजना बनायी, जिससे उनमें और अधिक उर्जा भरा जा सके। उनके कामों को प्रोत्साहित किया जा सके।
स्वाती सिंह ने कहा कि मैं कभी भी एक मंत्री की तरह किसी से नहीं मिलती। मैं अपने घर के सदस्य के रूप में हर व्यक्ति के सुख-दुख में भागीदार रहती हूं। इसी के तहत हमने जब देखा कि महिलाओं में जागरुकता की कमी के कारण सेनेटरी पैड के प्रति रुझान नहीं है। इससे तमाम रोग पैदा होते हैं। इस कारण मैंने अपने विधानसभा क्षेत्र में मुफ्त सेनेटरी पैड वितरण व उसके प्रति महिलाओं को जागरूक करने की योजना बनाई। आज स्वयं सेविकाएं घर-घर जाकर महिलाओं को उसके प्रति जागरूक करती हैं।
कहा कि इस तरह की तमाम योजनाओं को अपने विधानसभा क्षेत्र में महिलाओं के लिए चालू करवा चुकी हूं। मैं भी एक महिला होने के नाते महिलाओं का दर्द बखूबी समझती हूं। इसी के तहत मैंने महिलाओं के सम्मान की भी योजना बनायी है और कल सभी महिलाओं का सम्मान के साथ ही उनसे एक-एक कर मिलूंगी, उनके दु:ख-दर्द में शरीक होकर हर एक पीड़ा को दूर करने की कोशिश करूंगी।
उपेन्द्र
