फिरोजाबाद (हि.स.)। फिरोजाबाद महोत्सव में पांचवें दिन पहुंचे पद्मश्री से सम्मानित भजन सम्राट अनूप जलोटा के भजनों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया और श्रोता झूमने लगे। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज देश और दुनिया में जो नाम भारत का हुआ है वह सब देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की वजह से हुआ है। रामचरित मानस और शूद्र शब्द को लेकर वह लोग राजनीति कर रहे है जो अपना जनाधार खो चुके हैं।
नगर के पी डी जैन इंटर कालेज के मैदान में आयोजित दस दिवसीय फिरोजाबाद महोत्सव के पांचवे दिन भजन सम्राट अनूप जलोटा मंगलवार की देर रात जैसे ही मंच पर पहुंचे तो श्रोताओं ने तालियों को गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया। मंच पर उन्होंने पहुंचने के बाद पहला भजन ऐसी लागी लगन, मीरा हो गई मगन शुरू किया तो श्रोता झूम उठे। इसके बाद अच्युतम केशवम राम नारायणम की प्रस्तुति हुई ओठों से छू लो तुम गजल सुनाया इसके बाद गजल का दौर शुरू हुआ। ओठों से छू लो तुम, मेरा गीत अमर कर दो गजल की प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा। भजन और गजलों का दौर जैसे जैसे आगे बढ़ता गया भीड़ पर मस्ती छाने लगी। ऐसे में अनूप जलोटा ने जब दमादम मस्त कलंदर.. गाया तो युवा कुर्सियों से खड़े हो गए और थिरकने लगे। देर रात तक भजन और गजलों की वर्षा होती रही।
इससे पूर्व सिडनी आस्ट्रेलिया से आए तबला वादक शिवम सिंह ने तबला वादन कर अपनी कला का बेहतरीन प्रदर्शन किया। इसके बाद स्थानीय कलाकारों ने राधा कृष्ण की होली और देश भक्ति से ओतप्रोत नृत्य प्रस्तुत किया। बिरजू महाराज की पौत्री शिंजिनी कुलकर्णी का कथक बैले रहा। उन्होंने पारंपरिक कथक से देश की प्राचीन संस्कृति की झलक दिखाई।
सुप्रसिद्ध गायक अनूप जलोटा मीडिया से भी रूबरू हुए है। उन्होंने कहा कि आज पूरे विश्व में भारत का नाम हुआ है। जिस देश ने कई सालो तक हम पर राज किया आज उस देश का प्रधानमंत्री भारतीय है। अमेरिका के उपराष्ट्रपति भारतीय है। पाकिस्तान हमसे माफी मांग रहा है ये सब हमारे देश के प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से हुआ है, पहले तो कभी नही हुआ। जिससे कुछ लोग जल रहे है। उन्होंने रामचरित मानस को लेकर भी कहा कि जो लोग रामचरित मानस पर आज सवाल उठा रहे है उन्होंने रामचरित मानस को पहले नही पढ़ा था क्या, यह सब बेकार की बाते है, इससे कुछ नही होगा, हमारा देश तरक्की कर रहा है और करता रहेगा।
कौशल
