Friday, February 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशपत्रकार की हत्या के बाद परिजनों से मिलने जा रहे कांग्रेस के...

पत्रकार की हत्या के बाद परिजनों से मिलने जा रहे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गिरफ्तार

रायबरेली। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को रायबरेली पुलिस द्वारा मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। वे बलिया में पत्रकार रतन सिंह की हत्या के बाद परिजनों से मिलने जा रहे थे। प्रदेश अध्यक्ष के साथ काफ़िले में चल रही गाड़ियों को भी हिरासत में लिया गया है। 
रायबरेली प्रतापगढ़ राजमार्ग पर सलोन टोल प्लाज़ा के पास कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को सलोन पुलिस ने मंगलवार को आगे जाने से रोक दिया। उनकी और काफ़िले के साथ चल रही अन्य गाड़ियों को भी वापस कर दिया गया। पुलिस ने लल्लू को बताया कि वह आगे नहीं जा सकते, हालांकि इस बीच पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस भी हुई। पुलिस उन्हें अपनी गाड़ी में बैठाकर समसपुर पक्षी विहार के गेस्ट हाउस ले गई। इसी बीच जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा हुआ। कार्यकर्ता पुलिस और सरकार के खिलाफ़ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं। पुलिस की भारी फोर्स तैनात की गई है, हालांकि पुलिस कुछ भी बताने से लगातार बचती रही और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष से भी मीडिया को बार करने से मना कर दिया गया। समसपुर पक्षी विहार में वरिष्ठ अधिकारी व कई थानों की फोर्स लगाई गई है। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी ने इस गिरफ्तारी पर कहा कि यह सरकार की तानाशाही है और लोकतंत्र के गला घोंटने का प्रयास किया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular