Tuesday, April 7, 2026
Homeउत्तर प्रदेशपत्रकारों की समस्या के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी एनयूजेआई

पत्रकारों की समस्या के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी एनयूजेआई

– मिशन पत्रकारिता और अपने हकों के लिये पत्रकारों को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा : रास बिहारी शर्मा

मथुरा (हि.स.)। नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्टस इंडिया (एनयूजेआई) के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक सोमवार मथुरा के गोवर्धन में हुई। बैठक में एनयूजेआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी शर्मा ने कहा कि पत्रकारों के समाधान के लिए केंद्र सरकार और राज्यों की सरकारों को ज्ञापन दिए जाएंगे। मिशन पत्रकारिता और अपने हकों के लिये पत्रकारों को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा।

सोमवार को एनयूजेआई के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक गोवर्धन के स्थानीय होटल में हुई, जिसमें पत्रकार सुरक्षा कानून, देश के मीडिया संस्थानों पर बढ़ती पाबंदी, कोरोना महामारी से मीडिया संस्थानों पर आर्थिक संकट व पत्रकारों की छंटनी से बढ़ती बेकारी, नए श्रम कानूनों का मीडिया पर प्रभाव, डिजिटल मीडिया पॉलिसी लागू करने, छोटे व मंझोले समाचार पत्रों को विज्ञापन दायरा बढ़ाने, नेशनल रजिस्टर फॉर जर्नलिस्ट्स बनाने, पत्रकारों को वेजबोर्ड का फायदा दिलवाने के कानूनी पहलुओं, तहसील व ब्लॉक स्तर पर तथा 60 साल की आयु के बाद भी पत्रकारों को मान्यता दिलाने तथा पत्रकारों के लिए टोल फ्री होने पर चर्चा की गई।

राष्ट्रीय महासचिव व प्रेस परिषद के सदस्य प्रसन्ना मोहंती ने कहा कि आज पत्रकारों के सामने अपने वजूद को बचाये रखने की चुनौती है। पत्रकार सुरक्षा कानून, मीडिया आयोग, मीडिया काउंसिल के गठन के लिए हम पिछले कई सालों से संघर्ष कर रहे हैं।

पूर्व अध्यक्ष व प्रेस परिषद के सदस्य प्रज्ञानंद चौधरी ने कहा कि पत्रकारों पर लगातार हमले बढ़ रहे हैं। पुलिस फर्जी मुकदमे दर्ज करके पत्रकारों को भयभीत कर रही है। ईमानदार व निष्पक्ष पत्रकारों को डराने की कोई भी कोशिश सहन नहीं कि जाएगी।

उपजा के प्रदेश अध्यक्ष रतन दीक्षित, एनयूजे की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सीमा किरन, कोषाध्यक्ष डॉ. अरविंद सिंह, पूर्व उपाध्यक्ष विवेक जैन ने भी सम्बोधित किया। सभी का आभार आभार जताते हुए एनयूजेआई के राष्ट्रीय सचिव, उपजा के प्रदेश उपाध्यक्ष व ब्रज प्रेस क्लब अध्यक्ष कमलकांत उपमन्यु एडवोकेट ने तहसील व ब्लॉक स्तर पर पर पत्रकारों की मान्यता की बात भारतीय प्रेस परिषद में उठाने की मांग की। इस अवसर पर अतिथिगणों का भव्य स्वागत व अभिनंदन किया गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular