Sunday, March 29, 2026
Homeउत्तर प्रदेशपत्नी से मिलने पहुंचे पति को लगी गोली, मौत

पत्नी से मिलने पहुंचे पति को लगी गोली, मौत

एक माह से दंपति में चल रहा था झगड़ा

पुलिस बोली-खुद गोली मारकर किया सुसाइड

कन्नौज (हि. स.)। कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर बांगर गांव में शनिवार दोपहर संदिग्ध परिस्थिति में गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई। सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर ग्रामीणों से पूछताछ की। मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि युवक ने खुद गोली मारकर आत्महत्या की है। जिस आधार पर जांच-पड़ताल की जा रही है। सदर कोतवाली क्षेत्र के बंधवा गांव के रहने वाले रामविलास पाल के बेटे अमित पाल की शादी करीब 6 वर्ष पहले मैनपुरी जिले के बेवर थाना क्षेत्र के बरहा की विमलेश के साथ हुआ था। उनकी 4 वर्ष की एक बेटी है। पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच अनबन रहने लगी थी। करीब 1 महीने पहले अमित की पत्नी विमलेश अपने मायके जाकर रहने लगी थी, जबकि पति ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। एक दिन पहले ही उसकी पत्नी विमलेश सदर कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर बांगर गांव स्थित अपनी बुआ के घर आई थी। यहां उसने अपने पति को मिलने के लिए बुलाया। शुक्रवार दोपहर को पति अमित सलेमपुर गांव पहुंचा। जिसके कुछ देर बाद पत्नी की बुआ के घर की छत पर संदिग्ध हालत में उसकी गोली लगने से मौत हो गई। फायरिंग की सूचना पुलिस को दी गई तो सीओ सिटी कमलेश कुमार और कोतवाली प्रभारी विष्णुकांत तिवारी फोर्स के साथ गांव पहुंच गए।

पत्नी बोली- मुझे नहीं मार पाया तो खुद मार ली गोली

अमित का शव कब्जे में लेकर पुलिस ने उसकी पत्नी विमलेश से पूछताछ की तो उसने बताया कि अमित के पास तमंचा था, जिससे उसने विमलेश को मारने की धमकी देते हुए फायर किया, लेकिन वह बच गई और फिर अमित ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। महिला के बयान के आधार पर ही पुलिस इस घटना को आत्महत्या मान कर जांच में जुट गई। घटना को लेकर सीओ सिटी कमलेश कुमार का कहना है कि अमित पाल ने पत्नी की हत्या करने के लिए पहले महिला पर फायर किया और फिर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। हालांकि निशाना चूकने से महिला की जान बच गई। घटना की जांच की जा रही है। मैनपुरी से कन्नौज आकर दवा लेने की बात आई सामने महिला विमलेश का मायका मैनपुरी जिले के बेवर थाना क्षेत्र के बरहा गांव में है। लेकिन उसकी ससुराल कन्नौज जिले की सदर कोतवाली क्षेत्र के बंधवा गांव में है। उसका पति अमित सरायमीरा में किराए के मकान में रह रहा था और यहां ऑटो चलाता था। सरायमीरा से 2 किलोमीटर की दूरी पर सलेमपुर गांव हैं। जहां विमलेश की बुआ का घर है। ऐसे में जब महिला से पूछा गया कि वह कन्नौज किस वजह से आई थी तो विमलेश ने बताया कि जिला अस्पताल से दवाई लेने के लिए कन्नौज आई थी और दवा लेने के बाद वह बुआ के घर पर रुक गई थी। जबकि मैनपुरी का जिला अस्पताल उसके मायके से पास पड़ता है। इसके बावजूद वह कन्नौज में ही दवाई लेने क्यों आई, इसका जवाब विमलेश नहीं दे सकी। जिससे उसके दावों में झोल नजर आ रहा है।

परिजनों ने लगाए हत्या के आरोप

अमित पाल की गोली लगने से मौत होने की सूचना उसके परिजनों को तब दी गई, जब उसकी डेडबॉडी सलेमपुर गांव से हटवाकर पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दी गई। यहां पहुंचे परिजनों ने अमित की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के आरोप लगाते हुए गुस्से का इजहार किया।परिजनों का आरोप है कि उन्हें सूचना दिए बगैर शव सलेमपुर गांव से क्यों हटाया गया। इस काम में पुलिस की भी मिलीभगत है।

संजीव झा/सियाराम

RELATED ARTICLES

Most Popular