Sunday, February 8, 2026
Homeउत्तर प्रदेशपत्नी के साथ मिलकर किराएदार ने की थी प्रॉपर्टी डीलर की पत्नी...

पत्नी के साथ मिलकर किराएदार ने की थी प्रॉपर्टी डीलर की पत्नी की हत्या

मेरठ (हि.स.)। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र की आनंद विहार कॉलोनी में प्रॉपर्टी डीलर की पत्नी की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। किराएदार निखिल ने पत्नी आरती और मामा के बेटे जयंत के साथ मिलकर मकान मालकिन रितु की हत्या कर दी थी। इससे पहले रितु की जमकर पिटाई की गई थी।

आनंद विहार कॉलोनी निवासी रामकुमार उत्तराखंड में प्रॉपर्टी डीलर का काम करता है और अक्सर देहरादून में रहता है। मेरठ में रामकुमार की पत्नी रितु अपनी पांच साल की बेटी के साथ रहती है। दो मंजिला मकान को किराए पर दिया हुआ है। शुक्रवार को रितु का शव किराएदार निखिल के कमरे में मिला था। प्रॉपर्टी डीलर ने किराएदार निखिल और उसकी पत्नी पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। पुलिस ने शुक्रवार को ही आरोपित दंपति को हिरासत में ले लिया था। शनिवार को पूछताछ के बाद पुलिस ने रितु हत्याकांड का खुलासा कर दिया।

एसपी सिटी पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि प्रॉपर्टी डीलर रामकुमार की पत्नी रितु अपने किराएदार निखिल और उसकी पत्नी से मकान खाली करने का लगातार दबाव बना रही थी। इसी के चलते रितु का अपने किराएदार से विवाद हो गया था। इसी बात के कारण किराएदार निखिल ने अपनी पत्नी आरती और मामा के बेटे जयंत के साथ मिलकर रितु के हाथ-पैर बांधे तथा उसकी जमकर पिटाई की। इसके बाद रितु का गला दबाकर मौत के घाट उतार दिया। महिला की हत्या के बाद किराएदार पति-पत्नी और जयंत मौके से फरार हो गए। सर्विलांस के आधार पर पुलिस को आरोपितों की लोकेशन हापुड़ में मिली। पुलिस ने शनिवार को आरोपितों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया, जबकि जयंत अभी तक फरार है। पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है।

कुलदीप/सियाराम

RELATED ARTICLES

Most Popular