फर्रुखाबाद (हि.स.)। कायमगंज थानाक्षेत्र में पत्नी के चले जाने पर पति ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला का अंत कर लिया। शुक्रवार को उसका शव फांसी के फंदे से लटकता पाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चिलांका निवासी नसीमुद्दीन (45) पुत्र डब्बू गांव के अतीक के नलकूप के निकट मकान में रहकर टेंपो चला कर गुजारा करता था। उसका शव आज फांसी के फंदे के सहारे लटकता मिला। कस्बा चौकी इंचार्ज रहमत अली दरोगा अभय कुमार सिंह ने सिपाही सूरज के साथ मामले की जांच पड़ताल की। और शव का पंचनामा भरने की कार्यवाही शुरू कर दी।
नसरुद्दीन की पत्नी शमीम करीब दो माह पूर्व मोहल्ले के ही जहीर के साथ भाग गई। वह थाना मऊदरवाजा के मोहल्ला अस्तबल तराई मायके मऊदरवाजा क्षेत्र में रहती है ।नसरुद्दीन का शमीम की बड़ी बहन मीना कुमारी से विवाह हुआ था। मीना की मौत हो जाने पर नसरुद्दीन ने छोटी साली शमीम से शादी की थी। शमीम के एक बच्चा है। जबकि पहली पत्नी से पुत्र शान मोहम्मद एवं पुत्री रुखसार है। रुखसार की शादी हो चुकी है।
शान मोहम्मद ने बताया कि पिता बीते दिन मां के घर गए थे ।वही पिता का मां से झगड़ा हुआ था। इसी दौरान पिता ने चाकू मारकर मां को घायल कर दिया था। पिता रात में अकेले कमरे में लेटे थे। उनका शव आज सुबह रस्सी से लटका देखा गया। पैरों में चोट के निशान थे। शान मोहम्मद ने पिता की हत्या कर फांसी पर लटकाए जाने की आशंका जाहिर की है। जबकि पड़ोसियों का कहना है कि पत्नी के भाग जाने व वापस न आने के कारण ही नसरुद्दीन ने फांसी लगाई है।
थानाध्यक्ष संजय मिश्रा ने बताया कि मामला आत्म हत्या का है। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पता चल सकेगा।
