कुशीनगर(हि. स.)। जिले के देवरिया बाबू गांव में गुरुवार की रात पति ने कुल्हाड़ी से गला काटकर पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। पत्नी पति की सलामती के हरितालिका तीज का व्रत थी। शुक्रवार सुबह सास ने कमरे में बहू की खून से सनी लाश देख चीख-पुकार मचाई तो घटना उजागर हुई। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। एएसपी एपी सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पति फरार हो गया है। घटना के दौरान मृतका के दोनों बच्चे दादी के पास सोए थे।
गांव का बीरबल खट्टीक राजगीर मिस्त्री का काम करता है। गुरुवार की शाम को वह नशे में घर आया तो तीज व्रत रखी पत्नी शीला ने विरोध किया। दोनों के बीच इसे लेकर कहासुनी हुई। घर का कामकाज कर रात 10 बजे शीला अपने कमरे में सोने चली गई और पति भी उसी कमरे में सोया। दोनों बच्चे दस वर्षीय खुश्बू व चार वर्षीय विवेक बरामदे में दादी सोमारी के पास सो गए। सुबह शीला को न देख सोमारी जब कमरे में गईं तो बेड के नीचे बहू का खून से सना शव देख हैरान रह गईं। बीरबल गायब था। शोर मचाते हुए वह बाहर भागीं। लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटनास्थल से पुलिस को खून से सनी कुल्हाड़ी भी मिली। एएसपी, सीओ खड्डा शिवाजी सिंह भी पहुंचे। अफसरों ने मृतका की सास सोमारी तथा ससुर जितई से घटना की जानकारी ली। फरार आरोपित की तलाश में टीमें लगाईं गईं हैं।
आरोपी बीरबल 15 दिन पूर्व मुंबई से घर आया था। बीरबल यहां बराबर नशा करता व ताश खेलता है। बीरवल की शादी वर्ष 2005 में रामकोला थाने के ही गांव हरपुर माफी के लाला टोला निवासी व्रजनारायण की बेटी शीला से हुई थी। एएसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया कहासुनी को लेकर घटना कारित किए जाने की बात सामने आ रही है।
