गोरखपुर(हि.स.)। मंगलवार को बेसिक शिक्षा विभाग एवं संपर्क फाउंडेशन की पहल पर ‘संपर्क स्मार्टशाला-स्मार्ट ब्लॉक’ कार्यक्रम में बोलते हुए सांसद रवि किशन ने कहा कि प्रदेशवासियों के लिए पढ़ाई, दवाई और कमाई ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकता है। इसमें भी पढ़ाई शीर्ष पर है।
भोजपुरी अभिनेता व सांसद रवि किशन ने कहा कि बच्चों की पढ़ाई कैसे बेहतर हो, मुख्यमंत्री योगी हमेशा इस पर चिंतन करते रहते हैं। उन्होंने कहा कि आज बच्चों को तकनीक आधारित खेल-खेल में शिक्षा देने और उन्हें रचनात्मकता से जोड़ने की जरूरत है। स्मार्ट स्कूल-स्मार्ट ब्लॉक कार्यक्रम शुरू करने के लिए उन्होंने संपर्क फाउंडेशन का आभार जताया।
योगी ने शिक्षा को शासन के एजेंडा के केंद्र में रखा : विनीत नायर
संपर्क फाउंडेशन के संस्थापक व प्रबंध निदेशक विनीत नायर ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए मुख्यमंत्री योगी का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी ने शिक्षा को शासन के एजेंडा के केंद्र में रखा है और इसका बेहतरीन परिणाम भी आ रहा है। लर्निंग आउटकम व शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए संपर्क फाउंडेशन लगातार कार्य कर रहा है। इसके लिए नवाचार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ऑडियो बॉक्स में बनाया गया लर्निंग किट, उच्चारण के लिए मोबाइल डिवाइस किट एवं संपर्क टीवी इसी नवाचार का हिस्सा है।
मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में आया समग्र बदलाव : दीपक कुमार
अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा दीपक कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी के मार्गदर्शन में शिक्षा के क्षेत्र में समग्र बदलाव आया है। ऑपरेशन कायाकल्प से विद्यालयों में हर प्रकार के संसाधन उपलब्ध हुए। कायाकल्प ऑपरेशन की सराहना नीति आयोग ने भी की और अन्य राज्यों के लिए इसे मॉडल के रूप में बताया है। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश छात्रों के अभिभावकों के खातों में योजनाओं का लाभ डीबीटी ट्रांसफर के मामले में अग्रणी राज्य है। शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए निपुण भारत मिशन के शानदार परिणाम सामने आ रहे हैं।
डॉ. आमोदकांत/दिलीप
