मेरठ(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद और पुलिस महानिदेशक विजय कुमार ने सोमवार को मेरठ में दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कांवड़ यात्रा को लेकर महत्वपूर्ण बैठक की। उन्होंने कहा कि पड़ोसी राज्यों से समन्वय बनाकर कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न किया जाएगा। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक डायवर्जन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
परतापुर हवाई पट्टी पर उतरने के बाद प्रमुख सचिव गृह और डीजीपी ने सबसे पहले औघड़नाथ मंदिर में जलाभिषेक की तैयारियों का जायजा लिया। इसके बाद आयुक्त सभागार में दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। बैइक में पड़ोसी राज्यों के बीच समन्वय स्थापित करके कांवड़ यात्रा को संपन्न बनाने की रणनीति बनी। सभी राज्यों ने कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर अपने प्लान बैठक में बताए।
बैठक के बाद प्रेस वार्ता में प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के के निर्देश पर कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए मेरठ आकर बैठक की है। बैठक में तय हुआ कि सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में कांवड़ यात्रा होनी चाहिए। इसके लिए पड़ोसी राज्यों के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जाएगा। हरिद्वार से लेकर दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा तक ट्रैफिक डायवर्जन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। ट्रैफिक डायवर्जन के साथ ही वाहन पार्किंग, कांवड़ शिविर, स्वास्थ्य के लिए प्लान तैयार किए गए हैं। कावड़ यात्रा को एक्सीडेंट फ्री बनाने की कवायद की जा रही है।
प्रमुख सचिव गृह ने कहा कि 30 जून से पहले कांवड़ यात्रा के सभी मार्गों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। मुजफ्फरनगर, मेरठ, शामली, बागपत, हापुड़, गाजियाबाद और सहारनपुर जिलों की सीमाओं पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल मुहैया कराया जाएगा। प्रत्येक पांच किलोमीटर पर चिकित्सा सुविधा रहेगी। कांवड़ शिविरों को सड़क किनारे से हटकर लगाया जाएगा। प्रमुख स्थानों पर खोया-पाया शिविर भी लगाए जाएंगे।
पुलिस महानिदेशक विजय कुमार ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए जाएंगे। प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। कांवड़ यात्रा की ड्रोन से निगरानी रखी जाएगी। सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया जाएगा। पड़ोसी राज्यों के अधिकारियों के साथ कांवड़ यात्रा में लगे अधिकारियों के मोबाइल नंबर साझा किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नियंत्रण कक्ष के जरिए पूरी कांवड़ यात्रा की निगरानी की जाएगी। सभी प्रमुख शिव मंदिरों में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध रहेंगे।
बैठक के बाद दोनों अधिकारियों ने हाईवे और कांवड़ मार्गों का निरीक्षण किया। मेरठ के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा को लेकर प्लान भी साझा किया। इस अवसर पर एडीजी मेरठ जोन राजीव सब्बरवाल, मेरठ मंडलायुक्त सेल्वाकुमारी जे, आईजी नचिकेता झा, जिलाधिकारी दीपक मीणा, एसएसपी रोहित सिंह सजवाण, सीडीओ शशांक चौधरी, जागृति अवस्थी आदि उपस्थित रहे।
कुलदीप/मोहित
