Tuesday, April 7, 2026
Homeउत्तर प्रदेशपड़ताल : भाजपा में शामिल होने को पूर्व राज्यसभा सांसद ने बताया...

पड़ताल : भाजपा में शामिल होने को पूर्व राज्यसभा सांसद ने बताया ‘षडयंत्र भरी अफवाह’

झांसी(हि.स.)। कहते हैं जंग में और प्यार में सब जायज है। कुछ यही आलम विधानसभा चुनाव का है। ज्यों-ज्यों नामांकन की तारीख निकट आ रही है, तमाम परिस्थितियों में बदलाव आ रहा है। ऐसे में सोशल मीडिया पर अफवाहों का भी जबरदस्त दौर चल रहा है। चुनाव जो कराए वह कम है। हाल ही में मऊरानीपुर विधानसभा की पूर्व सपा विधायक डॉ रश्मि आर्य के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के बाद अब अटकलें लगाई जा रही हैं कि समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेता पूर्व राज्यसभा सांसद डॉक्टर चंद्रपाल सिंह यादव भी भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो सकते हैं।

सूत्रों के आधार पर कई चैनलों और सोशल प्लेटफॉर्म पर चलाई गई, इस खबर को जमकर वायरल किया जा रहा है। यह देख पूर्व राज्यसभा सांसद डॉक्टर चंद्रपाल सिंह यादव ने अपनी सफाई में इसका खंडन किया है। उन्होंने इसे षड्यंत्र भरी अफवाह बताया।

उन्होंने कहा कि मेरे संज्ञान में आया है कि कुछ तथाकथित न्यूज़ चैनल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मस मेरे बारे में भ्रम फैला रहे हैं कि मैं किसी अन्य पार्टी में शामिल हो रहा हूं। मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि मैं तन, मन और आत्मीय रुप से समाजवादी पार्टी का हमेशा सिपाही हूं और सदैव रहूंगा। मेरे खिलाफ साजिश के तहत जो भ्रामक प्रचार किया जा रहा है। उससे मेरे किसी भी समाजवाजी पार्टी के कार्यकर्ता को विचलित होने की आवश्यकता नहीं है।

चुनाव के समय इस तरह का भ्रामक प्रचार केवल मेरी छबि धूमिल करने का कुचक्र मात्र है। सत्तालोलुप लोगों के इस षणयंत्र का सपा कार्यकर्ता और प्रदेशवासी चुनाव में साईकिल को प्रचंड वोट देकर करारा जबाब देंगे।

चुनाव की इस आंधी में अब तक विभिन्न दलों के दिग्गजों को स्वार्थ साधने के लिए दल बदलने में लगे है। इसके चलते आज भाजपा में सपा के पुरोधा मुलायम सिंह यादव की बहू के शामिल होने की खबरें भी चल रही हैं। ऐसे में यदि बुन्देलखण्ड के नेता और सपा सरकार में मिनी मुख्यमंत्री कहे जाने वाले चन्द्रपाल सिंह यादव यदि भाजपा का रुख करते हैं तो प्रदेश राजनीत के बड़े समीकरण बिगड़ने की स्थिति रहेगी। हालांकि ये तथाकथित खबरें पूर्व में अखिलेश यादव के उनके प्रति देखे जा रहे रवैये को लेकर भी हो सकती हैं।

महेश

RELATED ARTICLES

Most Popular