सहारनपुर (हि.स.)। जिले के बिहारीगढ़ में एक पटाखा फैक्टरी के कचरे में तेज धमाके के साथ विस्फोट हो गया। इस दौरान कचरा बीन रहे तीन सगे भाई-बहन सहित चार बच्चे झुलस गए। बच्चों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना अध्यक्ष बीनू सिंह ने बताया कि यह घटना मंगलवार की शाम की है। क्षेत्र के गांव सतपुड़ा के जंगल में पटाखा फैक्टरी है। पास के गांव खुशहालीपुर कला निवासी विनय के तीन बच्चे विकास (14), शीतल (12), आशीष (9) और राजेंद्र की बेटी रितु (12) यहां से गुजरते वक्त बच्चे फैक्टरी कर्मियों द्वारा फेंके गए कचरे से पटाखा तलाश करने लगे। तभी कचरे के ढेर में विस्फोट हो गया, जिसकी जद में आने से चारों बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और परिवार के लोग पहुंच गए। झुलसे बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना अध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित परिवार विनय और राजेंद्र की तहरीर पर फैक्टरी संचालक और मजदूरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। आगे जांच कर सभी के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
दीपक/सियाराम
