-14 जनवरी के बाद मौसम में फिर होगा बदलाव, बढ़ेगी सर्दी
कानपुर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के ऊपर हाईक्लाउड बनने से मंगलवार को अधिकतम पारा 19 और न्यूनतम पारा सात डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। 24 घंटे बाद बुधवार को पछुआ हवाएं चलने से तेजी से पारा गिरा और अधिकतम व न्यूनतम क्रमश: 13.4 और 4.8 डिग्री पर आ गया। इससे एक बार फिर गलन से लोग कांप उठे और सिहरन भरी सर्दी परेशान करने लगी। मौसम विभाग का कहना है कि 14 जनवरी के बाद एक बार फिर मौसम में बदलाव होगा और तेजी से सर्दी बढ़ेगी।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने बुधवार को बताया कि पिछला पश्चिमी विक्षोभ पूर्व उत्तर पूर्व दिशा में चला गया है। उत्तरी पाकिस्तान और इससे सटे जम्मू कश्मीर क्षेत्र में ताजा पश्चिमी विक्षोभ पहुंच चुका है। अगले 24 घंटों के दौरान, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख, जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और हिमपात के साथ एक दो स्थानों पर भारी हिमपात संभव है। उत्तराखंड के ऊपरी इलाकों में हल्की बारिश और हिमपात संभव है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में एक या दो मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तर पश्चिमी मध्य और पूर्वी भारत का न्यूनतम और अधिकतम तापमान और बढ़ सकता है। देश के अधिकांश हिस्सों से शीत लहर की स्थिति समाप्त हो सकती है। पंजाब और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में कोल्ड डे की स्थिति बनी रह सकती है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में घना कोहरा छा सकता है। कानपुर सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में घना से बहुत घना कोहरा छा सकता है। कानपुर मण्डल में गलन वाली सर्दी भी बढ़ सकती है।
कानपुर में अधिकतम तापमान 13.4 और न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 97 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 81 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 2.3 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में साफ आसमान रहने के कारण वर्षा की कोई संभावना नहीं है तथा प्रातः काल व रात्रि के समय शीत लहर/मध्यम से घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं। सर्दी भी बनी रहेगी और ऊंचे बादल भी बन सकते हैं।
अजय सिंह
