Monday, April 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशपछुआ हवाओं से चार डिग्री गिरा तापमान, बढ़ेगी गलन

पछुआ हवाओं से चार डिग्री गिरा तापमान, बढ़ेगी गलन

बारिश की नहीं है संभावना, कोहरा छाए रहने के आसार

कानपुर (हि.स.)। पूर्वी हवाओं के चलने से बीते दिनों सामान्य से अधिक हुआ तापमान अब पछुआ हवाओं से गिरने लगा है। इसी के चलते रविवार को चार डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान कम हो गया जिससे सर्दी में फिर इजाफा हो गया। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी दिनों में तापमान में गिरावट होगी और शीतलहर की भी स्थिति बन सकती है। इसके साथ ही आसमान में कोहरा भी छाएगा, जिससे एक बार फिर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ेगी।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने रविवार को बताया कि पश्चिमी विक्षोभ पूर्व की ओर चला गया है। प्रेरित चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र राजस्थान के उत्तरी भागों पर बना हुआ है। अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आ सकती है, जिससे राजस्थान के कुछ और हिस्सों और हरियाणा के कुछ हिस्सों में शीत लहर की स्थिति पैदा हो सकती है। कर्नाटक के आंतरिक हिस्सों और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी शीत लहर की स्थिति देखी जा सकती है। पश्चिमी हिमालय पर जारी बारिश और हिमपात की गतिविधियां बंद हो जाएंगी। अरुणाचल प्रदेश में हल्की बारिश और हिमपात हो सकता है। इसके साथ ही कानपुर मण्डल में भी तापमान गिरेगा और सर्दी बढ़ेगी।

कानपुर में अधिकतम तापमान 19.0 और न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 92 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 41 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रही जिनकी औसत गति 8.5 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में साफ आसमान रहने के कारण वर्षा की कोई संभावना नहीं है तथा प्रातः काल व रात्रि के समय शीत लहर के साथ सुबह रात में हल्के से मध्यम कोहरा छाए रहने के आसार हैं। उत्तर पश्चिमी सर्द हवाओं के कारण शीत लहर की स्थित भी बन सकती है और तापमान में गिरावट की भी पूरी संभावना है।

अजय सिंह

RELATED ARTICLES

Most Popular