कानपुर(हि.स.)। पछुआ हवाएं बीते तीन दिनों से चल रही हैं जिससे रोजाना तापमान गिर रहा है। रविवार को तो न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस जा पहुंचा, जिससे एक बार फिर लोगों को रात में गलन महसूस होने लगी। हालांकि दिन का तापमान लगभग सामान्य रहा जिससे दिन में लोगों को काफी हद तक राहत मिल सकी। मौसम विभाग का कहना है कि अभी दो दिन बारिश की संभावना बनी हुई है।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पाण्डेय ने रविवार को बताया कि पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू कश्मीर को मिलाने वाले क्षेत्रों पर बना हुआ है। प्रेरित चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र मध्य पाकिस्तान और पंजाब और हरियाणा से जुड़ रहा है। झारखंड और आसपास के इलाकों में एक एंटी साइक्लोन बना हुआ है। एक अच्छी तरह से चिह्नित निम्न दबाव का क्षेत्र दक्षिण पूर्व बंगाल और इससे सटे पूर्वी भूमध्यरेखीय हिंद महासागर पर है। संबद्ध चक्रवाती परिसंचरण मध्य क्षोभमंडलीय स्तरों तक फैला हुआ है। इसके पश्चिम उत्तर पश्चिम दिशा में बढ़ने की संभावना है और कल 30 जनवरी को और तीव्र होकर डिप्रेशन का रूप ले सकता है। यह धीरे-धीरे एक फरवरी तक श्रीलंका के दक्षिणी भागों की ओर बढ़ जाएगा।
अगले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी हिमालय पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश संभव है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, पश्चिम उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के दक्षिणी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। दिल्ली एनसीआर, मध्य प्रदेश और गुजरात के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश संभव है। जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब के कुछ हिस्सों, हरियाणा, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ओलावृष्टि संभव है। कानपुर मण्डल में बादलों की आवाजाही के बीच बूंदाबांदी और कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है। बुंदेलखंड के इलाकों में भी हल्की बारिश हो सकती है।
कानपुर में अधिकतम तापमान 22.4 और न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 88 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 59 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रही जिनकी औसत गति 3.0 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 29 जनवरी से 31 जनवरी के मध्य आसमान में मध्यम से घने बादल छाए रहने के कारण स्थानीय स्तर पर गरज-चमक, तेज हवाओं एवं ओलावृष्टि के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
अजय सिंह
