जौनपुर (हि.स.)। योगी आदित्यनाथ की दोबारा सरकार बनने के बाद माफियाओं के घर लगातार चल रहे बुलडोजर और पुलिस द्वारा लगातार की जा रही ताबड़तोड़ कार्रवाई से अपराधियों में इस कदर भय है कि वह खुद ही पुलिस कार्यालय पहुंचकर आत्मसमर्पण कर रहे हैं। सोमवार को हत्या के मुकदमें में वांछित 50 हजार रुपये के ईनामिया अभियुक्त ने अपर पुलिस अधीक्षक नगर के कार्यालय आकर आत्मसमर्पण कर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत माफियाओं व अपराधियों में भय का माहौल उत्पन्न है। इसी के तहत सभी थाना प्रभारियों को आदेश दिया गया था कि वह अपने-अपने थाना क्षेत्र में लूट/डकैती/चोरी/अन्य अभियोगों में जेल से जमानत पर बाहर आये अभियुक्तों का सत्यापन सुनिश्चित करें व उन पर सतर्क दृष्टि बनाएं रखे। पुलिस की कार्यवाही से भयभीत होकर खुटहन थाना क्षेत्र के हत्या में वांछित 50 हजार के ईनामी अभियुक्त रवि तिवारी पुत्र अखिलेश तिवारी निवासी ग्राम चौबाहा थाना सरपतहां ने अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ संजय कुमार के कार्यालय आकर आत्मसमपर्ण कर दिया।
इस मामले में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक अजय शाहनी ने बताया कि रवि तिवारी एक शातिर अभियुक्त है, इसके ऊपर लगभग डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। ये खुटहन थाने के हत्या के मुकदमे में वांछित है। डीआइजी रेंज अयोध्या द्वारा इसके ऊपर सुल्तानपुर में एक मामले में पचास हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।अभियुक्त को गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही हेतु न्यायालय भेज दिया गया है।
विश्व प्रकाश
