वाराणसी (हि.स.)। कथक सम्राट एवं पद्मविभूषण से अलंकृत पं.बिरजू महाराज की अस्थियां शनिवार (22 जनवरी) को यहां गंगा नदी में विसर्जित की जाएंगी। पंडित जी के परिजन शुक्रवार देर रात अस्थियां लेकर शहर में आएंगे। पंडित जी की अस्थियां, आमजन के अंतिम दर्शन के लिए सिगरा कस्तूरबा नगर कॉलोनी स्थित नटराज संगीत अकादमी परिसर में रखी जाएंगी। पूर्वांह 09 बजे तक शहर के कलाकार, विशिष्ट जन, नागरिक, संगीत प्रेमी अस्थियों का दर्शन कर अपने श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। इसके बाद अस्थि लेकर परिजन वाहनों से अस्सी घाट पहुंचेंगे। घाट पर वैदिक रीति से अस्थि कलश का पूजन किया जाएगा और फिर गंगा की मध्य धारा में बजड़े से विसर्जन किया जाएगा।
पंडित जी के शिष्यों के अनुसार अस्थि कलश लेकर पुत्री ममता मिश्रा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ दिल्ली से आ रही हैं। लखनऊ से अस्थि कलश सड़क मार्ग से वाराणसी के लिए रवाना होंगी। लखनऊ में पंडित बिरजू महाराज का अस्थिकलश उनके पैतृक आवास बिंदादीन महाराज की ड्योढ़ी में रखा जाएगा। पूरे दिन लखनऊ में उनके प्रशंसक और चाहने वाले अस्थिकलश पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। शुक्रवार शाम को परिजन अस्थिकलश लेकर वाराणसी के लिए रवाना होंगे।
श्रीधर
