Friday, March 27, 2026
Homeमंडललखनऊ मंडलपं. गोविंद बल्लभ पंत की 136वीं जयंती पर मुख्यमंत्री योगी ने दी...

पं. गोविंद बल्लभ पंत की 136वीं जयंती पर मुख्यमंत्री योगी ने दी श्रद्धांजलि

– उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री रहे हैं भारत रत्न पं. गोविंद बल्लभ पंत

लखनऊ (हि. स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री व देश के पूर्व गृहमंत्री भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 136वीं जयंती पर लोक भवन परिसर स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ एक महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे। आजादी के बाद उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री बने। प्रदेश की तरक्की और देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए उन्होंने सतत प्रयास किया था।

योगी ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ ने आजादी की लड़ाई में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया था। उनकी कर्मठता, उनकी राष्ट्र निष्ठा व संगठन क्षमता को ध्यान में रखकर उन्हें प्रदेश के मुख्यमंत्री पद का दायित्व दिया गया। वह स्वतंत्र भारत के उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री बने। फिर उन्होंने गृहमंत्री के रूप में देश व प्रदेश की सेवा की।

मुख्यमंत्री ने कह कि वर्तमान में उत्तराखंड जो कि तब उत्तर प्रदेश का ही भाग हुआ करता था, उसके कुमायूं मंडल में जन्मे पंडित गोविंद बल्लभ पंत को समाज और राष्ट्र के लिए किए गए उनके योगदान के लिए मैं प्रदेशवासियों की तरफ से स्मरण करते हुए विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। इस मौके पर पूर्व मंत्री महेन्द्र सिंह, विधायक नीरज बोरा, योगेश शुक्ल, अवनीश सिंह, मुकेश शर्मा, महापौर सुषमा खर्कवाल समेत अन्य लोग भी मौजूद रहे।

दिलीप/दीपक/सियाराम

RELATED ARTICLES

Most Popular