नई दिल्ली (हि.स.)। दिल्ली के शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया द्वारा दिल्ली के 250 सरकारी स्कूलों की लिस्ट जारी करने के 24 घंटे बाद भी पंजाब के शिक्षा मंत्री परगट सिंह ने पंजाब के स्कूलों की लिस्ट जारी नहीं की। इस बाबत सोमवार को एक प्रेस वार्ता के माध्यम से शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि पंजाब के शिक्षा मंत्री मैदान छोड़ कर भाग रहे है।
परगट सिंह लिस्ट जारी नहीं कर पाए पर और उन्हें उम्मीद है की पंजाब के मुख्यमंत्री चन्नी पंजाब के सबसे बेहतर 250 सरकारी स्कूलों की लिस्ट जारी करेंगे। सिसोदिया ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि चन्नी मैदान छोड़कर नहीं भागेंगे और आज शाम तक पंजाब के 250 स्कूलों की लिस्ट जारी करेंगे और यदि वो लिस्ट जारी नहीं कर पाते है तो सार्वजानिक रूप से ये मानेंगे कि पिछले पांच सालों में पंजाब के शिक्षा व्यवस्था को ठीक करने के लिए कुछ नहीं किया गया।
उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता को ये जानने का हक है कि कांग्रेस की सरकार ने पिछले पांच सालों में राज्य की शिक्षा के लिए क्या काम किया है। सिसोदिया ने कहा कि दोनों राज्यों के स्कूलों की तुलना से भागना ये साबित कर रहा है कि कांग्रेस सरकार ने पंजाब में शिक्षा पर कोई काम नहीं किया है। जबकि केजरीवाल सरकार ने दिल्ली में शिक्षा को लेकर अच्छा काम किया है, जिस कारण दिल्ली के एजुकेशन मॉडल की चर्चा आज पूरे विश्व में हो रही है।
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने रविवार को दिल्ली के 250 सरकारी स्कूलों की लिस्ट जारी कर पंजाब के शिक्षा मंत्री परगट सिंह को दिल्ली आकर यहां के स्कूलों को देखने का निमंत्रण दिया था इसके साथ ही पंजाब के 250 स्कूलों की लिस्ट भी जारी करने के लिए कहा था ताकि दोनों राज्यों के स्कूलों के इन्फ्रास्ट्रक्चर, टीचर ट्रेनिंग, रिजल्ट में सुधार और ओवरआल लर्निंग आउटकम की तुलना की जा सके और पंजाब की जनता ये समझ सके कि दिल्ली सरकार के नेतृत्त्व में दिल्ली का शिक्षा मॉडल शानदार है या पंजाब में कांग्रेस का शिक्षा मॉडल।
