– मुख्यमंत्री ने काकोरी रेल एक्शन दिवस की वर्षगांठ पर वीरों को किया नमन,’मेरी माटी, मेरा देश’ कार्यक्रम का किया शुभारंभ
लखनऊ (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को ‘मेरी माटी, मेरा देश’ अभियान एवं ‘काकोरी रेल एक्शन दिवस’ की वर्षगांठ के अवसर पर “वीरों को नमन” कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर प्रधानमंत्री द्वारा आगामी 25 वर्षों के लिए कार्ययोजना बनाने को कहा था। इसको लेकर ही काकोरी में आज यहां हम सभी एकत्र हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पंच प्रण के साथ हम सभी शपथ लें कि 2047 तक आत्मनिर्भर भारत बनाने के सपने का साकार करेंगे। गुलामी को जड़ से उखाड़ फेंकेंगे। अपने नागरिक होने का कर्तव्य निभाएंगे।
योगी ने कहा कि काकोरी रेल एक्शन की आज वर्षगांठ है और 1942 में ही आज का दिन भारत के इतिहास में स्मरण किया जाता है। प्रधानमंत्री के संकल्प के साथ मेरी माटी मेरा देश का शुभारंभ किया जा रहा है। इस दिन अमर शहीदों, सीमाओं की रक्षा करने वाले जवानों और आंतरिक सुरक्षा करने वाले सैनिकों को याद करते हुए नमन करता हूं।
उन्होंने कहा कि ‘पंच प्रण’ में जो हमने संकल्प लिया है हम अपने पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे ले जाने का काम करेंगे। देश और प्रदेश में 13 से 15 अगस्त तक इसको लेकर कार्यक्रम चलेंगे, जिसमें हम उसी उत्साह के साथ भाग लेंगे। आज का दिन मेरे लिए अविस्मरणीय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 98 वर्ष पूर्व उन क्रांतिकारियों ने एक संकल्प के साथ जुड़कर आजादी के सपने को आगे बढ़ाने का काम किया था। अगर जज्बा हो, सत्य संकल्प हो, लड़ने की इच्छा शक्ति हो तो किसी को भी झुकाया जा सकता है। पं0 रामकुमार बिस्मल, अशफाक उल्ला खां, चन्द्र शेखर आजाद जैसे अनगिनत क्रांतिकारी ने अपने सर्वस्व न्यौछावर किया और ब्रिटिश हुकूमत को जड़ से उखाड़ने में अपना बलिदान दिया। मातृ भूमि के लिए आज सभी का योगदान होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि काकोरी रेल एक्शन की 98वीं वर्षगांठ पर 13 से 15 अगस्त के बीच हर जगह, हर नागरिक धरती पर खड़े होकर वीरों का नमन करें, सेल्फी लें और अपलोड करें। पंच प्रण के संकल्प के साथ जुड़ें। हर घर तिरंगा के साथ हर नागरिक को जोड़ना होगा। 14 अगस्त की तिथि भारत के विभाजन की त्रिसादी का भी दिन है। उस एक भारत के संकल्प के साथ हर नागरिक को जुड़ना होगा। अंतरराष्ट्रीय आदिवासी दिवस भी आज है। इस अवसर पर शिलाफलकम के माध्यम से जुड़कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पंच प्रण के संकल्प के साथ जुड़ने का सभी से आह्वान करता है। जय हिन्द जय भारत।
इससे पूर्व सर्वप्रथम मुख्यमंत्री ने शिलाफलकम का बटन दबाकर ‘मेरी माटी, मेरा देश’ कार्यक्रम का शुरूआत की। इस दौरान वीर बलिदानियों ठाकुर रोशन सिंह, अशफाक उल्ला खां, रामकिशन खत्री, सुनील रंगजी सहित अन्य वीर जवानों के परिवार के सदस्यों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। यहां पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत की आजादी में अहम भूमिका निभाने और अपने प्राणों को न्यौछावर करने वाले अमर शहीद स्पूतों की प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने काकोरी रेल एक्शन में शामिल क्रांतिकारियों को याद करते हुए कहा कि वो लोग देश को आजाद कराने और बलिदान देकर आजादी को बरकार रखने में जो योगदान दिया उसे भुलाया नहीं जा सकता है। काकोरी काण्ड के स्थान को काकोरी रेल एक्शन नाम दिए जाने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पर्यटन मंत्री ने आभार व्यक्त किया।
मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि ‘मेरी माटी, मेरा देश’ को लेकर कहा कि हर जगह पर इसके तहत एक शिलालेख स्थापित की जा रही है। जिन वीरों ने हमारी आजादी को बरकरार रखा उनके लिए इस शिलालेख में जिक्र रहेगा। अमृत वाटिका भी लगाया जा रहा है। इन शिलालेख और अमृत वाटिका के माध्यम से बलिदान सैनिकों से हमेशा-हमेशा याद रखा जाएगा। प्रमुख सचिव ने मौजूद वीर बलिदानियों के परिवारीजनों की उपस्थिति पर बधाई दी।
इस अवसर पर बुंदेलखंड से आए कुलदीप चौहान व दिपांशी ने आजादी से ओत-प्रोत देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया। गीत के माध्यम से उन्होंने ऐसा समां बांध दिया कि उपस्थित लोगों के जहन में देश की आजादी में शहीद हुए बलिदानियों की याद ताजा हो गई। इसके अलावा विभिन्न मंचन के जरिए कार्यक्रम में भारत की आजादी में योगदान देने अमर शहीदों को याद किया गया।
इस मौके पर महापौर सुषमा खर्कवाल, पूर्व मंत्री मोहसिन रजा, भुक्कल नवाब, महेन्द्र सिंह, अवनीश द्विवेदी, राजेश्वर सिंह, योगेश शुक्ला, प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद, मुकेश मेश्राम आदि उपस्थित रहे।
मोहित/राजेश
