झांसी (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने शनिवार को एक स्थानीय होटल में पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि पंचायत चुनाव जैसी गुंडई उन्होंने लोकतंत्र में कभी भी नहीं देखी। बताया कि 29 अगस्त से उन्होंने सीतापुर से खेत-खलिहान बचाओ, रोजगार बचाओ, किसान नौजवान पटेल यात्रा का शुभारंभ किया था। बीते रोज 11 बजे वह जनपद में पहुंचे और सबसे पहले मऊरानीपुर से गुरसराय और फिर चिरगांव में किसान नौजवान पटेल यात्रा को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि भाजपा से लोग बहुत नाराज है।
कहा कि किसान सड़कों पर उतर आए हैं। बीजेपी ने किसानों को धोखा दिया है। न तो स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को ही लागू किया और न ही अनाज के दाम बढ़ाए। लोग महंगाई से परेशान हैं। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 90 दिन में महंगाई पर नियंत्रण करने को कहा था। आज 90 महीने हो गए नियंत्रण तो नहीं हुआ। पेट्रोल की कीमत 45 रुपये की जगह 107 जा पहुंचा है। सिलेंडर 450 के स्थान पर 1000 का हो गया है। 02 करोड़ नौजवानों को रोजगार देने का वादा किया था। इस प्रकार कुल 16 करोड़ लोगों को अभी तक रोजगार मिल जाना चाहिए था। साढ़े 04 साल में उन्होंने केवल साढ़े 04 लाख युवाओं को ही नौकरी दे पाई। इस नौकरी में मनरेगा से लेकर तमाम चीजें शामिल हैं।
इसको स्वीकार करते हुए विज्ञापन दिया है। अर्थव्यवस्था बुरी तरह से चौपट हो गई है। चिकित्सा व्यवस्था कहीं देखने को नहीं मिलती है। कानून व्यवस्था का बुरा हाल है। 90 प्रतिशत किसानों का धान व गेहूं नहीं खरीदा गया था। तब जाकर अखिलेश जी ने मुख्यमंत्री से इस बात को कहा। उस वादे पर भी खरे नहीं उतरे। किसानों को भी निराश किया है। पंचायत चुनाव में इतनी गुंडागर्दी कभी नहीं देखी जैसा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार में देखने को मिली। लोगों की साड़ियां फाड़ दिए गए, पर्चे फाड़ दिए गए। वोट न डालने के लिए लोगों को घरों में कैद करवाया तो कहीं डंडों से पिटाई।
पुलिस और डीएम को आगे करके गुंडई कराई गई। किसान 08 वर्ष से परेशान हैं। भारतीय जनता पार्टी अंग्रेजों से ज्यादा चालाक। कांग्रेसी भी अंग्रेजों जैसी चलाक थी। जनता ने उसे भी मुंह तोड़ जवाब दिया और उखाड़ फेंका। आज यही गति भाजपा की होने वाली है 2022 में। इन्हें जनता समूल नष्ट कर देगी। यह कहीं दिखाई नहीं देंगे। यह झूठे हैं, दगाबाज है, धोखेबाज हैं। कहते सब कुछ है लेकिन करते कुछ भी नहीं। इस अवसर पर उनके साथ जिला अध्यक्ष महेश कश्यप, पूर्व राज्यसभा सांसद डॉक्टर चंद्रपाल सिंह यादव,पूर्व विधायक रश्मि आर्या, पूर्व एमएलसी श्याम सुंदर सिंह यादव,एमएलसी रमा आर पी निरंजन, तिलक चंद्र अहिरवार, राकेश पाल आदि लोग उपस्थित रहे।
