प्रयागराज (हि.स.)। मंत्री, पंचायती राज विभाग, उप्र भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने सोमवार को सर्किट हाउस में विभागीय अधिकारियों के साथ मण्डलीय समीक्षा बैठक में मण्डल में बन रहे सामुदायिक शौचालयों के निर्माण की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान कार्यों को लेकर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कड़े निर्देश दिये।
जनपद प्रतापगढ़ में सामुदायिक शौचालयों के निर्माण की धीमी गति होने पर नाराजगी जताते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिये। साथ ही तैयार हो चुके सामुदायिक शौचालयों की जिओ टैगिंग कराये जाने के लिए कहा उन्होंने कहा कि जिन सामुदायिक शौचालयों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, उसे स्वंय सहायता समूह को जल्द से जल्द सौंपा जाय साथ ही उनका संचालन समय से किया जाना सुनिश्चित करें।
इसी क्रम में मंत्री चौधरी ने जनपद फतेहपुर एवं कौशाम्बी में बन रहे सामुदायिक शौचालय की प्रगति की भी समीक्षा की। जनपद कौशाम्बी में भी व्यक्तिगत शौचालय के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिये हैं। ग्राम पंचायतों में अच्छा कार्य करने वालों के लिए मुख्यमंत्री पुरस्कार योजना के तहत आये आवेदनों के बारे में मण्डल से आये हुए सभी एडीओ पंचायत से जानकारी ली। कई ब्लाकों से एक भी आवेदन न आने पर पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि जिस ब्लाक से कोई भी आवेदन नहीं प्राप्त हुआ है, उन ब्लाकों के एडीओ पंचायत से स्पष्टीकरण लेने को कहा है।
ग्राम पंचायत भवनों के निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी सम्बंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण स्थल पर जाकर लगातार कार्य की मानीटरिंग करते रहे। इसी प्रकार अंत्येष्टि स्थल निर्माण कार्य को तेज गति से मण्डल के सभी जनपदों में पूरा करें व अधिकारी लगातार इसकी मानीटरिंग करते रहे। साथ ही निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान दिया जाये।
