-मंत्री सुरेश कुमार खन्ना के नेतृत्व में गए प्रतिनिधि मण्डल ने कराए एमओयू हस्ताक्षरित
लखनऊ(हि.स.)। न्यूयार्क, सैन फ्रांसिस्को एवं लंदन से उप्र में चार लाख से अधिक निवेश आएगा। उप्र सरकार के संसदीय कार्य एवं वित्त मंत्री सुरेश खन्ना के नेतृत्व में विदेश गए प्रतिनिधिमण्डल ने चार लाख सात हजार करोड़ रुपये के निवेश के एमओयू हस्ताक्षर कराए हैं।
वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना के नेतृत्व में विभिन्न देशों में रोड शो एवं बिजनेस डीलिंग के माध्यम से निवेश की संभावना तलाशने गई टीम द्वारा इंग्लैण्ड के लंदन तथा अमेरिका के न्यूयार्क एवं सैन फ्रांसिस्को की प्रतिष्ठित कम्पनियों एवं औद्योगिक घरानों से विभिन्न क्षेत्रों में निवेश के लिए चार लाख सात हजार करोड़ रूपये के 21 प्रस्ताव पर एमओयू हस्ताक्षर किए गए। इन देशों से निवेश प्राप्त करने एवं यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (जीआईएस-2023) के लिए प्रमुख कम्पनियों में आमंत्रित करने गई टीम में प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, पूर्व मंत्री एवं विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह शामिल थे। प्रतिनिधि मण्डल में अपर मुख्य सचिव औद्योगिक विकास अरविन्द कुमार, मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी एवं मुख्यमंत्री के सचिव अमित सिंह भी साथ थे।
इस प्रतिनिधि मण्डल ने अमेरिका तथा इंग्लैण्ड जैसे विकसित देशों के प्रमुख कम्पनियों के प्रतिनिधियों से विभिन्न चरणों में उप्र में निवेश हेतु विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधि मण्डल प्रदेश की उपलब्धियां गिनाते हुए प्रतिष्ठित कम्पनियों को समझाने में सफल रहा कि योगी के नेतृत्व में यूपी देश के अन्य राज्यों की तुलना में हर क्षेत्र में प्रथम अथवा दूसरे स्थान पर है। देश की अर्थव्यवस्था की ग्रोथ इंजन में यूपी का महत्वपूर्ण योगदान है। यूपी आज तेजी से उभरती हुई अर्थव्यवस्था है।
खन्ना ने इन देशों के उद्यमियों से आईटी, अवस्थापना, स्वास्थ्य, डेयरी, खाद्य प्रसंस्करण, कृषि, पर्यटन, शिक्षा के साथ अन्य क्षेत्रों में निवेश का प्रस्ताव दिया। सुरेश खन्ना ने बताया कि यूपी अब एक निवेश फ्रेंडली स्टेट है। यहां पर उच्च स्तर की अवस्थापना सुविधाएं, कनेक्टिविटी, उच्च कोटि की कानून व्यवस्था तथा करोड़ों की संख्या में उपभोक्ता हैं।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की ख्याति एवं उनके नेतृत्व में उप्र में सुशासन तथा इन्वेस्टमेंट अनुकूल सुलभ एवं सहज नीतियों के कारण औद्योगिक घराने एवं निवेशकर्ता प्रदेश में निवेश हेतु स्वतः इच्छुक दिखे।
उन्होंने उद्यमियों को बताया कि यूपी में रेल, वायु, एक्सप्रेस-वेज, परिवहन जैसी उच्च स्तरीय सुविधाएं हैं। उद्यमियों को निवेश के लिए लगभग 25 नीतियां तैयार की गई हैं, जिससे निवेशकों के लिए आकर्षक प्राविधान किए गये हैं। इसी प्रकार अमेरिका तथा इंग्लैण्ड के जाने-माने औद्योगिक घरानों से विभिन्न चरणों में बातचीत हुई। तीनों देशों के उद्यमी यूपी में निवेश के लिए उत्सुक दिखे। इसके फलस्वरूप यूपी को चार लाख सात हजार करोड़ रूपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। प्रतिनिधि मण्डल ने अमेरिका एवं इंग्लैण्ड के उद्यमियों से यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर समिट 2023 में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया।
दिलीप शुक्ल
