प्रयागराज (हि.स.)। राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द ने कहा कि न्यायपूर्ण समाज की स्थापना तभी संभव हो सकती है जब महिलाओं की भी न्याय पालिका में भागीदारी बढ़े। महिलाओं में न्याय प्रकृति अधिक होता है। उनमें सबको न्याय देने में क्षमता होती है। महिलाओं में न्याय की समझ भी अधिकतम होती है। महिला अपने ससुराल, मायका, पति और पुत्र में एक साथ समन्वय बनाती है।
राष्ट्रपति ने शनिवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट में न्यायालय की प्रधानपीठ परिसर में मल्टी लेवल पार्किंग, अधिवक्ता चैंबर का शिलान्यास, झलवा में बनाए जाने वाले राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की आधारशिला रखी। इस मौके पर आयोजित समारोह में राष्ट्रपति ने राष्ट्रीय विधि विश्वविद्याल और अधिवक्ता चैंबर का शिलान्यास कर खुशी भी जताई। लाहाबाद हाईकोर्ट की परंपरा और विशिष्टता का उल्लेख कर राष्ट्रपति ने कहा कि महामना पं. मदन मोहन मालवीय, टीबी सप्रू, पं. मोती लाल नेहरू, पुरुषोत्तम दास टंडन,कैलाशनाथ काटजू जैसे विशिष्ट ने इसी परिसर से गौरवशाली इतिहास लिखे। राष्ट्रपति ने उच्च न्यायालय में महिला न्यायाधीशों और अधिवक्ताओं की संख्या बढ़ाने पर जोर देकर कहा आज लोग न्यायपालिका से मदद लेने से हिचकिताते हैं।
उन्होंने न्यायालयों में लंबित मामलों के निस्तारण,जजों की संख्या और पर्याप्त संसाधन बढ़ाने पर जोर देकर कहा कि आज ही के दिन 128 वर्ष पहले शिकागो में स्वामी विवेकानंद ने भारत के गौरवशाली परंपरा की सराहना की थी। स्वामी जी ने हर प्रकार के उत्पीड़न का विरोध किया था। उन्होने सहिष्णुता का संदेश पूरी मानवता तक पहुंचाया था।
इसके पहले तालियों की गड़गड़ाहट के बीच मंच पर राष्ट्रपति ने सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति एनवी रमना, केन्द्रीय कानून मंत्री किरन रिजिजू ,प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ,उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की मौजूदगी में दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। हाई कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता आनन्द भूषण सरन के तैल चित्र का राष्ट्रपति ने अनावरण भी किया।
इस दौरान सुप्रीम कोर्ट के जज न्यायमूर्ति विनीत सरन, न्यायमूर्ति दिनेश माहेश्वरी, न्यायमूर्ति कृष्ण मुरारी, न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और इलाहाबाद हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश मुनीश्वर नाथ भंडारी भी मौजूद रहे।
