जौनपुर (हि.स.)। केराकत कोतवाली क्षेत्र के महुआरी गांव में एक युवक की मारपीट कर की गयी हत्या के बाद पुलिस द्वारा कोई मुकदमा दर्ज न करने पर पीड़ित पिता ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर पुलिस मंगलवार को हत्या सहित आधा दर्जन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है।
महुआरी निवासी खन्जाटी ने न्यायालय में इस आशय का प्रार्थना पत्र दिया कि उनका 22 वर्षीय पुत्र राहुल पड़ोस के सुदर्शन कुमार की गत 26 मई को बारात में वाराणसी गया था। 27 मई को वापस लौटते वक्त रास्ते में बेहड़ा बराई गेट के पास सुदर्शन के रिश्तेदार सन्नी और हनुमान ने मेरे पुत्र राहुल से कहासुनी की। उसके बाद सुदर्शन और उनके रिश्तेदारों ने मिलकर मेरे पुत्र राहुल को मारपीट कर अधमरा कर दिया। सूचना मिलने पर उसे लेकर हम लोग थाना पंहुचे जहां पुलिस ने यह कहते हुए भगा दिया कि पहले प्राइवेट अस्पताल में इलाज करवाओ। जिसके बाद हमने राहुल को वाराणसी के लक्ष्मी हास्पिटल एंड ट्रामा सेन्टर में भर्ती करवाया। इलाज के दौरान ही उसकी पांच जुलाई को मौत हो गयी। शव लेकर केराकत कोतवाली पहुंचे जहां पुलिस ने कुछ लिखा पढ़ी की और दबाव डलवाकर दाह संस्कार करवा दिया।
उच्च अधिकारियों को सूचना देने के बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। थक-हार कर मृतक के पिता ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया जहां उसे न्याय मिलने की आस थी। मंगलवार को न्यायालय द्वारा आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश जारी होते ही पुलिस भी सक्रिय हो गई और मुकदमा पंजीकृत कर लिया।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक केराकत संजय वर्मा ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है। जल्दी आरोपितों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।
विश्व प्रकाश
