लखनऊ(हि. स.)। कायस्थ संघ अंतर्राष्ट्रीय के स्थापना दिवस और सम्मान समारोह में संस्था के अध्यक्ष दिनेश खरे ने सात प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया और न्यायमूर्ति सुधीर कुमार सक्सेना सहित विभिन्न क्षेत्रों के सात शख्सियतों को सम्मानित किया।
संस्था के अध्यक्ष दिनेश खरे ने कहा कि उत्तर प्रदेश के कायस्थों ने कभी पिछड़ा वर्ग में शामिल होने की मांग नहीं की तो फिर ओबीसी में शामिल करके आरक्षण का लोभ क्यों दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों में चित्रगुप्त मंदिरों का जीर्णोद्धार नवीनीकरण की मांग संस्था कर रही है। इसके साथ ही कायस्थ अकादमी बनाने की भी मांग हमारी है।
उन्होंने कहा कि कायस्थ समाज दलगत राजनीति से ऊपर उठकर भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद की जयंती पर लखनऊ में एक महारैली आयोजित करेगा।
कार्यक्रम में आध्यात्मिक क्षेत्र में बलदाऊ, चिकित्सा के क्षेत्र में डॉक्टर दीपक, पत्रकारिता के क्षेत्र में राजेश, समाज सेवा के क्षेत्र में दिलीप यशवर्धन और मनीष सिंघवी, न्यायिक क्षेत्र में न्यायमूर्ति सुधीर सक्सेना एवं आकाशवाणी से जुड़ी मीनू खरे का सम्मान किया गया।
