मेरठ (हि.स.)। नौचंदी मेले के उद्घाटन से पहले रविवार दोपहर को पटेल मंडप में एक युवक का शव मिला। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। शिनाख्त नहीं होने पर शव को मोर्चरी भिजवा दिया गया।
नौचंदी मैदान में स्थित सरदार पटेल मंडप में नौचंदी मेले के दौरान कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। रविवार की शाम नौचंदी मेले का उद्घाटन करने का कार्यक्रम है। इसके लिए नगर निगम के कर्मचारी पटेल मंडप की सफाई कर रहे थे। उसी समय पटेल मंडप में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक के सिर पर चोट के निशान है। सूचना फोरेंसिक टीम के साथ पुलिस मौके पर पहुंची। बताया जाता है कि युवक की हत्या दो से तीन दिन पहले की गई प्रतीत होती है। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई।
इंस्पेक्टर नौचंदी जितेंद्र कुमार ने बताया कि नौचंदी मेले के उद्घाटन के लिए साफ-सफाई के दौरान पटेल मंडप की छत पर शव मिला है। शव को मोर्चरी भेज दिया गया है। पटेल मंडप के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज की जांच की जा रही है।
कुलदीप
