नोएडा (हि.स.)। दिल्ली से सटे नोएडा में मोबाइल फोन के पार्ट्स बनाने वाली एक कंपनी के भवन में रविवार को भीषण आग लग गई। दमकल विभाग की 20 गाड़ियां आग बुझाने में लगी हैं लेकिन छह घंटे बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका है। मुख्य दमकल अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि कासना थाना अंतर्गत के ईकोटेक- 1 एक्सटेंशन में स्थित जेविया टेलिकॉम नामक कंपनी मोबाइल फोन की बैटरी एवं अन्य पार्ट्स बनाती है, उसके भवन में आग लग गई। उन्होंने बताया कि दमकल विभाग की 20 गाड़ियां की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है, इसी क्रम में एक दीवार भी तोड़नी पड़ी है। कंपनी में जिस समय आग लगी उस समय काफी मजदूर वहां पर काम कर रहे थे, उन्हें सकुशल बाहर निकाल लिया गया है। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। इस घटना में करोड़ों रुपये का सामान जलकर राख हो गया है

